Trending

पीटी उषा का आग्रह, एशियाई खेल में योग को मिले जगह

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने एशियाई खेल के कार्यक्रम में योग को शामिल करने की वकालत की है, देश इस व्यायाम की लोकप्रियता को बढ़ाना चाहता है।

साभार : गूगल

एशियाई ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष राजा रणधीर सिंह को लिखे पत्र में दिग्गज एथलीट ने महाद्वीप के खेल समुदाय से एशियाई खेल के कार्यक्रम में योग को शामिल करने का आग्रह किया।

उन्होंने पत्र में कहा, 21 जून को दुनिया ने 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया और इसके प्रति लोगों की प्रतिक्रिया बहुत बढ़िया रही। विभिन्न देशों के लोगों ने योग को अपनाया है और इससे लाभ उठाया है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वह खेलों के सबसे बड़े उत्सवों में योग को शामिल करने के प्रयासों का नेतृत्व करे।

@WeAreTeamIndia

उन्होंने कहा, मुझे विश्वास है कि योग के आध्यात्मिक घर और विश्वगुरु के रूप में भारत एशियाई खेल और अंततः ओलंपिक खेल में भी इस खेल को शामिल करने के लिए अभियान चला सकता है।

उन्होंने इस तथ्य की ओर ध्यान आकर्षित किया कि पेरिस में प्रसिद्ध लूवर संग्रहालय आगंतुकों को अगले महीने ओलंपिक से पहले प्रशिक्षकों के साथ योग सत्रों में भाग लेने का अवसर प्रदान करेगा।

आईओए अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया एशियाई खेल में योग के लिए मामला बनाने के विचार को बहुत प्रोत्साहित और सराहते हैं। उषा ने कहा, उन्होंने मुझसे कहा कि एशियाई खेल में इसे शामिल करना इस खेल को ओलंपिक में ले जाने की दिशा में पहला कदम होगा। हमें अपने स्वदेशी खेल को ऐसे मंचों पर लाने की जरूरत है।