गुयाना में टीम इंडिया, सेमीफाइनल में इंग्लैंड से टक्कर
रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले गुयाना पहुंच गई है। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया हैंडल पर एक छोटी सी क्लिप शेयर की, जिसमें कप्तान रोहित शर्मा, स्पिनर अक्षर पटेल और अन्य खिलाड़ी सेमीफाइनल मैच से पहले गुयाना पहुंचे।

एयरपोर्ट पर फैंस ने टीम का शानदार तरीके से स्वागत किया। भारत जारी टूर्नामेंट में अपने सभी मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल तक पहुंची है। बीसीसीआई ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ”भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले के लिए गुयाना पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराकर भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंची है।
भारत ने अब तक खेले गए अपने सभी मुकाबले जीते हैं। कनाडा के खिलाफ मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था।सेमीफाइनल के लिए इंग्लैंड टीम भी गुयाना पहुंची। जॉर्जटाउन के लिए विमान में सवार होते ही इंग्लैंड क्रिकेट ने ट्वीट किया, “निश्चित रूप से इंग्लैंड सेमीफाइनल में होगा।
भारत और इंग्लैंड की टीमें टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में 19 महीने पहले ही एडिलेड में भिड़ी थी। जहां इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराया था। भारत ने 2007 के बाद से टी20 विश्व कप नहीं जीता है। भारतीय टीम ने आखिरी आईसीसी ट्रॉफी 2013 में जीती थी, तब भारत ने इंग्लैंड को हराकर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा किया था।
टीम इंडिया : रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज
इंग्लैंड: जोस बटलर (कप्तान), मोइन अली, जोफ्रा आर्चर, जॉनी बेयरस्टो, हैरी ब्रूक, सैम कुरेन, बेन डकेट, टॉम हार्टले, विल जैक्स, क्रिस जॉर्डन, लियाम लिविंगस्टोन, आदिल राशिद, फिल साल्ट, रीस टॉपले और मार्क वुड