अमेरिकी ओपन: प्रियांशु राजावत व मालविका अंतिम आठ में
भारत के प्रियांशु राजावत ने चीनी ताइपे के हुआंग यू काई को हराकर अमेरिकी ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। ऑरलियन्स मास्टर्स 2023 के विजेता और आठवें वरीय राजावत ने हुआंग पर 21-18 21-16 से जीत दर्ज की।

उनका सामना चीन के चौथी वरीयता प्राप्त लेई लैन शी से होगा। महिला एकल में सातवीं वरीय मालविका बंसोड़ अंतिम आठ में जगह बनाने में सफल रही।
उन्होंने चेक गणराज्य की टेरेजा स्वाबिकोवा को 15-21 21-19 21-14 से हराया। मालविका को स्कॉटलैंड की तीसरी वरीय क्रिस्टी गिलमोर की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
महिला युगल में राष्ट्रमंडल खेल की कांस्य पदक विजेता त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। इस भारतीय जोड़ी ने दूसरे दौर में चीनी ताइपे की हसीह पेई शान और हंग एन त्ज़ु को 16-21 21-11 21-19 से हराया।
इस दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी को पहले दौर में बाइ मिली थी। उनका अगला मुकाबला रुई हिरोकामी और युना काटो की छठी वरीयता प्राप्त जापानी जोड़ी से होगा।