Trending

शेफाली का दोहरा शतक, मंधाना का शतक, भारत के 4 विकेट पर 525 रन

युवा बल्लेबाज शेफाली वर्मा के दोहरे शतक से भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट के पहले दिन रिकार्ड्स की झड़ी लगा दी जिसमें एक दिन का सर्वोच्च स्कोर भी है। उन्होंने 194 गेंद में 205 रन बनाये और स्मृति मंधाना (149) के साथ 292 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने पहले दिन चार विकेट पर 525 रन बनाये।

@BCCI

शेफाली ने आस्ट्रेलिया की अन्नाबेल सदरलैंड का रिकॉर्ड तोड़ा जिसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फरवरी में 248 गेंद में दोहरा शतक मारा था। शेफाली पूर्व कप्तान मिताली राज के बाद टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक जमाने वाली दूसरी भारतीय बल्लेबाज बनी।

मिताली ने अगस्त 2002 में टांटन में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 407 गेंद में 214 रन बनाये थे। भारत ने एक दिन में सर्वाधिक रन बनाने का 89 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। इंग्लैंड की महिला टीम ने 1935 में क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो विकेट पर 431 रन बनाये थे।

शेफाली दोहरा शतक जमाने के बाद आउट हो गई। इससे पहले उनका सर्वोच्च स्कोर 96 रन था। शेफाली ने 23 चौके और आठ छक्के लगाये। पहले बल्लेबाजी करते हुए शेफाली और मंधाना ने दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को नसीहत दी।

दोनों लंच तक स्कोर बिना नुकसान के 130 रन तक ले गए। दोनों का शतक एक ही समय पर पूरा हुआ। मंधाना को डेल्मी टकर ने स्लिप में लपकवाकर इस साझेदारी को तोड़ा। मंधाना का टेस्ट क्रिकेट में यह सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले उनका सर्वोच्च स्कोर 127 रन था।

टेस्ट क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिये यह भारत की बड़ी साझेदारी है। महिला टेस्ट में किसी भी विकेट के लिये यह दूसरी बड़ी साझेदारी है। विश्व रिकॉर्ड आस्ट्रेलिया की एलए रीलर और डीए एनेट्स के नाम है जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वेदरबी में 1987 में तीसरे विकेट के लिये 309 रन जोड़े थे।

मंधाना की जगह आई सतीश शुभा 27 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हो गई। जेमिमा रौड्रिग्स (55) ने शेफाली का साथ दिया। तेजी से रन चुराने के प्रयास में आपस में तालमेल नहीं बैठ पाने से शेफाली रन आउट हो गई।

कप्तान हरमनप्रीत कौर 42 और रिचा घोष 43 रन बनाकर क्रीज पर है। भारत महिला टेस्ट मैच में एक दिन में 500 से अधिक रन बनाने वाली पहली टीम बन गई।