भारतीय महिला टीम मजबूत स्थिति में, दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 236/4
भारतीय महिला टीम और दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के बीच जारी टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। 603/6 रन के जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने 4 विकेट पर 236 रन बनाए।

वह 367 रनों से पीछे है। मैरिजान कप्प (69) और नादिन डी क्लार्क (27) नाबाद हैं। भारतीय टीम ने दूसरे दिन 4 विकेट पर 525 रन से आगे खेलना शुरू किया।
कप्तान हरमनप्रीत कौर (69) और ऋचा घोष (86) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और भारत ने 603/6 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी। डेल्मी टकर ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 2 विकेट झटके। जवाब में दक्षिण अफ्रीका के लिए सुने लुस (65) और कप्प ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 4 विकेट भी गंवाए। स्नेह राणा ने 3 सफलता हासिल की।
जैसे ही भारत ने 575 रन का स्कोर पार किया तो उसने महिला टेस्ट में सबसे बड़े टीम स्कोर के मामले में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम को पीछे छोड़ दिया। ऑस्ट्रेलिया ने इसी साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 575/9 का स्कोर बनाया था। इस मामले में तीसरे और चौथे नंबर पर भी ऑस्ट्रेलिया ही है।
ऋचा और हरमनप्रीत ने 5वें विकेट के लिए 143 रन की शतकीय साझेदारी की, इसी कारण भारतीय टीम यह रिकॉर्ड बना पाई। भारतीय टीम को तीसरा झटका लगने के बाद हरमनप्रीत बल्लेबाजी के लिए उतरी थी। वह अपनी पारी में 115 गेंदों में 4 चौकों से 69 रन बनाकर आउट हुईं।
यह उनका इस प्रारूप में पहला ही अर्धशतक है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 49 रन था। वह अब तक 6 मैच खेल चुकी है, जिसकी 9 पारियों में 25 की औसत से 200 रन अपने नाम कर चुकी हैं। ऋचा अपनी पारी में 90 गेंदों में 16 बेहतरीन चौकों से 86 रन बनाकर आउट हुईं। यह उनके टेस्ट करियर का दूसरा अर्धशतक रहा।
उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। वह अब तक 2 मैच खेल चुकी है, जिसकी 3 पारियों में 75.50 की औसत और 67.11 की स्ट्राइक रेट से 151 रन अपने नाम कर चुकी हैं। ऋचा ने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने टेस्ट क्रिकेट करियर का आगाज किया था।
लुस ने मैच में 164 गेंद का सामना किया और 65 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बल्ले से 6 चौके और 1 छक्का निकला। यह उनके टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक रहा।
कप्प 125 गेंद में 69 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके बल्ले से 8 चौके निकले हैं। उन्होंने भी अपने टेस्ट करियर में सिर्फ 1 अर्धशतक लगाया है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 150 रन रहा है। भारत उन्हें जल्द आउट करना चाहेगी।
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पहले विकेट के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने 312 गेंदों में 292 रन की साझेदारी निभाई थी।
शेफाली के बल्ले से 205 रन निकले और मंधाना ने 149 रन बनाए। इन दोनों के आउट होने के बाद जेमिमा रोड्रिगेज ने मोर्चा संभाला और वह भी 55 रन बनाने के बाद आउट हुईं। टीम ने 4 विकेट पर 525 रन बना लिए थे।