कंधे में खिंचाव के बाद अंशु मलिक की बढ़ी मुश्किल
पेरिस ओलंपिक में पदक की दावेदार अंशु मलिक को ट्रेनिंग के दौरान कंधे में खिंचाव आ गया है जिससे भारतीय कुश्ती महासंघ को पहलवान से स्थिति रिपोर्ट मांगने पर मजबूर होना पड़ा।

अंशु ने हाल ही में बुडापेस्ट में रैंकिंग सीरीज प्रतियोगिता में महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता था। उन्होंने अप्रैल में एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में स्वर्ण पदक जीतकर ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया था।
बुडापेस्ट के बाद अंशु अपने सेंटर हरियाणा की मिर्चपुर अकादमी लौट आईं और एक सप्ताह पहले उनके बायें कंधे में खिंचाव आ गया। अंशु के पिता और कोच धर्मवीर मलिक ने एक समाचार एजेंसी को बताया, ‘‘अभ्यास सत्र के दौरान उसे खिंचाव महसूस हुआ और एहतियात के तौर पर उसने ट्रेनिंग रोक दी।
उसका एमआरआई भी हुआ और चिंता की कोई बात नहीं है। स्कैन सही है। दो दिन पहले उसने फिर से ट्रेनिंग शुरू कर दी। धर्मवीर ने कहा, ‘‘हम कुछ दिनों में ट्रेनिंग शिविर के लिए जापान रवाना होंगे। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष संजय सिंह ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि एक या दो दिन में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
उन्होंने कहा, “हमें बताया गया है कि उसने हल्की ट्रेनिंग शुरू कर दी है। हमने स्थिति स्पष्ट करने के लिए रिपोर्ट मांगी है। कोच कह रहे हैं कि वह ठीक है। हमें दो दिन में सही जानकारी मिल जाएगी। राष्ट्रीय खेल महासंघों के पास नामांकन बदलने के लिए आठ जुलाई तक का समय है।