Trending

हरारे पहुंची टीम इंडिया, 6 जुलाई से टी-20 सीरीज का आगाज

कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के मार्गदर्शन में युवा भारतीय टीम छह जुलाई से जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए यहां पहुंची।

साभार : गूगल

जिम्बाब्वे क्रिकेट द्वारा ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए वीडियो में टीम को अपने सामान के साथ हवाई अड्डे से बाहर निकलते देखा गया। टीम मंगलवार को मुंबई से निकली थी, अमेरिका और वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप टीम के साथ रिजर्व खिलाड़ी के रूप में जुड़े हुए गिल ब्रेक के बाद न्यूयॉर्क से यहां पहुंचे।

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘हम टी20 विश्व कप चैंपियन भारत का स्वागत करते हैं। युवा बल्लेबाज रियान पराग ने बीसीसीआई द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में कहा कि उनका बचपन से ही राष्ट्रीय टीम के साथ यात्रा करने का सपना था।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत की जर्सी पहनने और टीम के साथ यात्रा करने का अनुभव अलग होता है। असम से आने के कारण मेरा सपना भारत के लिए खेलना था। मैं बहुत खुश हूं। जब मैं अपना पहला मैच खेलूंगा तो जिम्बाब्वे के साथ मेरा एक खास रिश्ता होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘यह उस मैदान और मेरे लिए एक खास पल होगा, जो बहुत पवित्र होगा। पराग ने कहा, ‘‘मेरा पासपोर्ट खोने के बाद हम आखिरकार 20 घंटे की यात्रा के बाद यहां पहुंचे हैं। अब मैं इस दौरे का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।

एक और नए खिलाड़ी मध्यम गति के गेंदबाज तुषार देशपांडे ने कहा कि राष्ट्रीय टीम का हिस्सा होना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है और देश के लिए खेलना खास बात है। देशपांडे ने कहा, ‘‘टीम के साथ यात्रा करना सबसे महत्वपूर्ण है और उन्हें जानना, टीम के माहौल को जानना और मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान होने वाली मौज-मस्ती है।

बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने कहा कि जिस दिन से उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया उनका सपना देश के लिए खेलने का था। अभिषेक ने कहा, ‘‘मुझे पता था कि अगर मैं कड़ी मेहनत करता रहा तो मुझे मौका मिलेगा, मुझे नहीं पता था कि मुझे भारत के बाहर जिम्बाब्वे में मौका मिलेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘टीम में मेरा नाम घोषित होने के बाद मुझे (कप्तान) शुभमन का फोन आया। सभी ने मुझे बहुत प्यार दिया। मेरे लिए यह बहुत बड़ी बात थी।

अभिषेक ने कहा, ‘‘जब मेरा नाम घोषित होने के बाद मैं घर पहुंचा तो मैंने अपने परिवार के सदस्यों को साक्षात्कार देते देखा। इसलिए मुझे लगता है वह एक ऐसा पल था जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा।

भारत हरारे क्रिकेट ग्राउंड पर सिकंदर रजा की कप्तानी वाले जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला मैच छह जुलाई को खेलेगा। बाकी चार मैच भी इसी मैदान पर खेले जाएंगे। श्रृंखला का समापन 14 जुलाई को होगा।