पेरिस ओलंपिक : भारतीय दल से पीएम मोदी ने की बातचीत, इस खास चीज की मांग नीरज चोपड़ा से
पेरिस ओलंपिक का आगाज 26 जुलाई से हो रहा है। इस बार भारत दल अपने पदकों की संख्या को दोहरे में अंक पहुंचाना चाहेगा। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि ओलंपिक में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ी देश को गौरवान्वित करेंगे और 140 करोड़ लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।

भारत ओलंपिक के लिए लगभग 120 प्लेयर्स का दल भेज रहा है और उसे उम्मीद है कि इस बार वे टोक्यो ओलंपिक से बेहतर प्रदर्शन करेंगे। पीएम ने ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के एक बड़े दल से मिलने के बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि ओलंपिक के लिए पेरिस जा रहे हमारे दल से बातचीत की।
मुझे विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और भारत को गौरवान्वित करेंगे। उनकी जीवन यात्रा और सफलता 140 करोड़ भारतीयों की उम्मीद बंधाती है। पीएम ने नीरज चोपड़ा से कहा कि वह उन्हें उनकी मां के हाथ का बना चूरमा कब खिलाएंगे। तब नीरज ने कहा की जी सर वह उन्हें जल्दी ही हरियाणा का चूरमा लाकर देंगे।
भारतीय खिलाड़ियों के दल के साथ खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा भी थीं।
मोदी ने नीरज चोपड़ा, मुक्केबाज निकहत जरीन और ओलंपिक में दो बार की पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु से वर्चुअल बातचीत भी की। भारत ने टोक्यो ओलंपिक में सात पदक जीते थे जिनमें नीरज चोपड़ा का भाला फेंक में जीता गया स्वर्ण पदक भी है। जो भारत का एक ओलंपिक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
भारत ने ओलंपिक के इतिहास में कुल 35 पदक जीते हैं। जिसमें 10 गोल्ड, 9 सिल्वर और 16 ब्रॉन्ज मेडल हैं। भारत ने सबसे ज्यादा गोल्ड मेडल हॉकी में जीते हैं। भारत ने 8 गोल्ड मेडल हॉकी में जीते हैं।