Trending

भारत ने जीता दूसरा टी-20, अभिषेक शर्मा का शतक, गेंदबाजी में आवेश चमके

भारतीय टीम ने दूसरे टी-20 में जिम्बाब्वे टीम को 100 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में फिलहाल 1-1 की बराबरी हासिल की है। इस मुकाबले में भारत ने पहले खेलते हुए अभिषेक शर्मा के शतक (100) से 2 विकेट पर 234 रन बनाया।

@Associated Press

जवाब में विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम 18.4 ओवर में 134 रन पर ढेर हो गई। पहले खेलते हुए भारत को शुभमन गिल (2) के रूप में शुरुआती झटका लगा। अभिषेक और रुतुराज गायकवाड़ ने शतकीय साझेदारी की। अंत में रिंकू सिंह ने नाबाद 48 रन की पारी खेलते हुए टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।

जवाब में जिम्बाब्वे ने 46 के स्कोर तक 4 विकेट खो दिए। वेस्ली मधेवेरे (43) ने संघर्ष किया, जीत नहीं दिला सके। भारत से आवेश खान और मुकेश कुमार ने 3-3 विकेट लिए।

@Associated Press

यह जिम्बाब्वे की किसी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी रनों की हार है। इससे पहले जिम्बाब्वे की टीम 2018 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध भी 100 रन से हार गई थी। अपना सिर्फ दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे अभिषेक ने पारी के पहले ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर किए।

उन्होंने पावरप्ले ओवर्स के दौरान कुछ आकर्षक शॉट लगाए। इस बीच 27 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर उनका कैच वेलिंगटन मसाकाद्जा ने छोड़ दिया। इस जीवनदार का भरपूर फायदा उठाने वाले अभिषेक ने 46 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह 47 गेंदों पर 7 चौकों और 8 छक्कों से 100 रन बनाकर आउट हुए।

@Associated Press

अभिषेक सबसे छोटे प्रारूप में भारत के 10वें शतकवीर बन गए हैं। वह रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल, सुरेश रैना, विराट कोहली, दीपक हूडा, गिल, यशस्वी जायसवाल और गायकवाड़ की सूची में शामिल हो गए हैं।

अभिषेक अब संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने हैं। बता दें कि रोहित (35 गेंद) और सूर्यकुमार (45 गेंद) उनसे तेज शतक जड़ चुके हैं। केएल राहुल ने भी 46 गेंदों पर शतक जड़ा है।

23 साल और 307 दिन की उम्र में अभिषेक टी-20 में शतक लगाने वाले चौथे सबसे युवा भारतीय बन गए हैं। इस सूची में वह केवल जायसवाल (21 साल, 279 दिन), गिल (23 साल, 146 दिन) और रैना (23 साल, 156 दिन) से पीछे हैं।

गायकवाड़ ने मैच में 47 गेंद का सामना किया और नाबाद 77 रन बनाए। इस बीच उनके बल्ले से 11 चौके और 1 छक्का निकला। यह गायकवाड़ का जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला और टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक रहा।

उनके अब 21 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 38.93 की औसत और 141.40 की स्ट्राइक रेट के साथ 584 रन हो गए हैं। वह 4 अर्धशतक के अलावा 1 शतक भी लगा चुके हैं। आवेश ने 3 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 15 रन देते हुए 3 विकेट झटके। मुकेश ने 3.4 ओवर में 37 रन देते हुए 3 विकेट झटके। इन दोनों गेंदबाजों ने पावरप्ले के दौरान ही 2-2 विकेट ले लिए थे।

अभिषेक और गायकवाड़ ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 76 गेंदों पर 137 रन जोड़े। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में जिम्बाब्वे के विरुद्ध भारत से सबसे बड़ी साझेदारी दर्ज हो गई है। इससे पहले मनदीप सिंह और केएल राहुल ने 2016 में 103 रन की अटूट साझेदारी की थी।

इसके अलावा कोई अन्य भारतीय जोड़ी टी-20 अंतरराष्ट्रीय में जिम्बाब्वे के खिलाफ शतकीय साझेदारी करने में नाकाम रही है। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सबसे बड़ा स्कोर (234/2) दर्ज किया।

यह अब जिम्बाब्वे के विरुद्ध किसी भी टीम का टी-20 में सबसे बड़ा स्कोर भी है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 229/2 का स्कोर बनाया था। यह हरारे स्पोर्ट्स क्लब में किसी भी टीम का सर्वोच्च स्कोर दर्ज हो गया। इस मुकाबले में कुल 14 छक्के लगे, जो कि जिम्बाब्वे के विरुद्ध किसी मैच में दूसरे सर्वाधिक हैं।