यूटीटी 2024 : पहली बार हिस्सा लेंगी आठ टीमें, 16 विदेशी सहित 48 खिलाड़ी मैदान में
मुंबई: अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) फ्रेंचाइजी टीमों ने बुधवार को मुंबई में प्लेयर ड्राफ्ट में के लिए सर्वश्रेष्ठ संभावित टीमों को चुनने का बेहतर तरीका ढूंढ निकाला। आगामी सीजन में पहली बार आठ टीमें हिस्सा लेंगी; 22 अगस्त से 7 सितंबर तक होने वाली लीग में 16 विदेशियों सहित कुल 48 खिलाड़ी मैदान में होंगे।
नई नवेली जयपुर पैट्रियट्स ने शीर्ष रैंक वाली भारतीय श्रीजा अकुला को चुना
लीग का आगामी सीजन 22 अगस्त से 7 सितंबर तक चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाला है। इस सीजन में पहली बार आठ टीमों के मैदान में होने के कारण, प्लेयर ड्राफ्ट को काफी सोच-समझकर आयोजित किया गया क्योंकि फ्रेंचाइजी टीमों ने एक मजबूत टीम बनाने की ख़ातिर रणनीति बनाने के लिए थोड़ी किस्मत पर भी भरोसा किया।

राउंड-1 में पहला खिलाड़ी चुनने वाली नई टीम जयपुर पैट्रियट्स ने फॉर्म में चल रही भारतीय स्टार और मौजूदा विश्व नंबर-25 श्रीजा अकुला को चुना।
अहमदाबाद एसजी पाइपर्स ने विश्व नंबर-10 स्ज़ोक्स को अपने साथ जोड़ा
अकुला हाल ही में डब्ल्यूटीटी कंटेंडर सिंगल्स खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनीं थीं। पुनेरी पल्टन टेबल टेनिस ने किसी खिलाड़ी को रिटेन न करने का फैसला किया था और ड्राफ्ट की शुरुआत के लिए उसने अयहिका मुखर्जी को चुना।
यूटीटी में पदार्पण करने वाली दूसरी फ्रैंचाइजी अहमदाबाद एसजी पाइपर्स ने अपनी पहली पसंद के तौर पर मानुष शाह को चुना और फिर दूसरे राउंड में रोमानिया की महिला विश्व नंबर-10 बर्नडेट स्ज़ोक्स को अपने साथ जोड़ने का फ़ैसला किया।

इस फ्रैंचाइजी बेस्ड लीग को टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के तत्वावधान में नीरज बजाज और वीता दानी द्वारा प्रमोट किया जाता है।
यूटीटी प्रमोटर वीता दानी और नीरज बजाज ने संयुक्त बयान में कहा, “अल्टीमेट टेबल टेनिस का एकमात्र उद्देश्य भारतीय टेबल टेनिस की प्रगति में मदद करना है और हम एक ऐसा प्लेटफ़ॉर्म बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं जो लीग से परे जाकर कोच, अकादमियों और टूर्नामेंट सहित पूरे इकोसिस्टम को सपोर्ट करता हो।
आज का प्लेयर ड्राफ्ट इस बात का प्रमाण है कि दुनिया के कुछ बेहतरीन खिलाड़ी अब यूटीटी में आकर खेलना चाहते हैं। हम यूटीटी 2024 के लिए बहुत उत्साहित हैं। यह पहली बार है जब हमारे पास आठ टीमें हैं और हम इसे और भी बड़ा और बेहतर बनाना चाहते हैं। हम सभी टीमों को आगामी सीज़न के लिए शुभकामनाएँ देते हैं।
16 विदेशियों सहित कुल 48 खिलाड़ी एक्शन में होंगे क्योंकि टीमों ने प्लेयर ड्राफ्ट के बाद अपने छह-सदस्यीय टीम को अंतिम रूप दे दिया है।
जयपुर पैट्रियट्स के सीओओ इमरान शेख ने कहा, “ कम या ज्यादा, हमने जो चर्चा की और रणनीति बनाई, हमें वही मिला जो हम चाहते थे। हम श्रीजा अकुला को चाहते थे और हमने उन्हें पहली पिक में हासिल कर लिया। हमारे पास एक मजबूत टीम है और हमें विश्वास है कि हम आगे बढ़ सकते हैं।
अहमदाबाद एसजी पाइपर्स के कार्तिकेय राव ने कहा, “ एसजी स्पोर्ट्स को बेहतरीन सपोर्ट स्टाफ के साथ एक संतुलित टीम मिलने पर गर्व है, और हमें टीम में सौहार्द और एकजुटता का माहौल बनाने की उम्मीद है। हमने इसी फॉर्मूले के साथ अन्य लीग और अन्य खेलों में सफलता का आनंद लिया है, इसलिए हम उसी चीज को जारी रखना चाहते हैं।
यू मुंबा टीटी ने एक बार फिर नाइजीरियाई स्टार पैडलर और दुनिया के 19वें नंबर के खिलाड़ी अरुणा कादरी को चुनकर आजमाए हुए फॉर्मूले को अपनाया। उसने एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता सुतीर्था मुखर्जी को भी चुना।
यू मुंबा के सीईओ सुहैल चंडोक ने कहा, “ जिस तरह से ड्राफ्ट हमारे लिए हुआ, उससे वाकई बहुत खुश हूं। हमारी टीम में कोई कमी नहीं है। ड्राफ्ट से पहले हम कुछ क्षेत्रों को लेकर थोड़े चिंतित थे, लेकिन चीजें काफी अच्छी रहीं और कुल मिलाकर, हम जो संतुलन हासिल कर पाए हैं, उससे मैं बहुत खुश हूं।
पीबीजी बेंगलुरु स्मैशर्स के पास स्पेन के अल्वारो रॉबल्स और यूएसए की लिली झांग होंगी, जो अपनी रिटेन की गई स्टार मनिका बत्रा का साथ देंगी।
पीबीजी बेंगलुरु स्मैशर्स के मालिक पुनीत बालन ने कहा, “मुझे अपनी टीम से बेहद खुशी है। मनिका बत्रा को रिटेन करने के बाद, हम अल्वारो रॉबल्स और लिली झांग की अनुभवी जोड़ी को विदेशी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के रूप में चुनने में सफल रहे हैं, जबकि एंथनी अमलराज और जीत चंद्रा भारतीय पुरुष पैडलर्स के लिए बेहतरीन सहायक हैं। प्रतिभाशाली युवा पैडलर तनीषा कोटेचा भी एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और हमें पूरा विश्वास है कि यह टीम कड़ी चुनौती पेश करेगी।
गत विजेता गोवा चैलेंजर्स, जिन्होंने ड्राफ्ट से पहले भारतीय स्टार हरमीत देसाई को रिटेन किया था, अब पूरी तरह से नए रूप में नज़र आ रहे हैं।
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की यांगज़ी लियू के साथ-साथ युवा भारतीय पैडलर यशस्विनी घोरपड़े और सायाली वानी को भी चुना है। इटली के मिहाई बोबोसिका, जिन्होंने 2008 और 2012 ओलंपिक में भाग लिया था, उनके विदेशी पुरुष पैडलर होंगे।
गोवा चैलेंजर्स के मालिक विवेक भार्गव ने कहा, “ड्राफ्ट प्रक्रिया हमेशा बहुत रोमांचक होती है, हालाँकि ड्राफ्ट प्रक्रिया के दौरान हम पिक नंबर-5 को लेकर थोड़े बदकिस्मत रहे। पिछले साल भी हमारे पास यही पिक थी और हमने ट्रॉफी जीती थी। इस साल भी हम यही दोहराने की उम्मीद कर रहे हैं।
पिछले संस्करण की उपविजेता चेन्नई लायंस ने भी नई टीम चुनी है, जिसमें जापान की सकुरा मोरी, फ्रांसीसी जूल्स रोलैंड और स्थानीय सितारे पोयमंती बैस्या, मौमा दास और अभिनंद पीबी शामिल हैं। ये सभी भारतीय टेबल टेनिस के दिग्गज अचंता शरत कमल के साथ जुड़े हैं, जिन्हें टीम ने अपने साथ बरकरार रखा है।
चेन्नई लायंस के मालिक जीएस रवि ने कहा, “हमारे पास एक बहुत ही परिपक्व टीम है, जिसमें कुछ युवा भी हैं, लेकिन कुल मिलाकर यह एक बहुत ही परिपक्व टीम है। इस मौके को ध्यान में रखते हुए हमने जो खिलाड़ी चुने हैं, उनसे मैं काफी खुश हूं।
दबंग दिल्ली ऑस्ट्रिया के एंड्रियास लेवेंको के साथ-साथ साथियान जी. पर भी निर्भर करेगी। उन्होंने अपनी टीम में युवा भारतीय पैडलर दीया चितले, लक्षिता नारंग और यशांश मलिक को भी शामिल किया है।
दबंग दिल्ली टीटीसी के सीईओ दुर्गानाथ वागले ने कहा, “ड्राफ्ट हमारे लिए अच्छा रहा। हमने एक तरह का अनुमान लगाया था और हमारे पास नीलामी की रणनीति थी और हमारे लिए यह अच्छी तरह से काम कर गई।
हमने रणनीति के तहत जिन खिलाड़ियों की अपेक्षा की थी, उनमें से अधिकांश खिलाड़ी हमारे साथ हैं। आगामी सीजन का सीधा प्रसारण स्पोर्ट्स18 पर किया जाएगा और जियोसिनेमा पर स्ट्रीम किया जाएगा।
टीमें
अहमदाबाद एसजी पाइपर्सः मनुश शाह, बर्नाडेट स्जॉक्स (रोमानिया), लिलियन बारडेट (फ्रांस), रीथ टेनिसन, प्रिथा वर्तिकर, जैश मोदी
चेन्नई लायंसः अचंत शरत कमल, सकुरा मोरी (जापान), जूल्स रोलैंड (फ्रांस), पोयमंती बैसया, मौमा दास, अभिनंदन पी. बी.
दबंग दिल्ली टीटीसीः साथियान जी, ओरावन परनांग (थाईलैंड), दिया चिताले, एंड्रियास लेवेन्को (ऑस्ट्रिया), यशांश मलिक, लक्षिता नारंग
गोवा चैलेंजर्सः हरमीत देसाई, यांगजी लियू (ऑस्ट्रेलिया), यशस्विनी घोरपड़े, सुधांशु ग्रोवर, सयाली वानी, मिहाई बोबोसिका (इटली)
जयपुर पैट्रियट्सः श्रीजा अकुला, चो सेउंगमिन (दक्षिण कोरिया) सुथासिनी सवेट्टाबुट (थाईलैंड) स्नेहित एसएफआर, रोनित भंज, मौमिता दत्ता
पीबीजी बेंगलुरू स्मैशर्सः मनिका बत्रा, अलवारो रोबल्स (स्पेन), लिली झांग (अमेरिका), जीत चंद्रा, तनिषा कोटेचा, अमलराज एंथनी
पुनेरी पल्टन टेबल टेनिसः अहिका मुखर्जी, नीना मिट्टेलहम (जर्मनी), जोआओ मोंटेरो (पुर्तगाल), अंकुर भट्टाचार्जी, अनिर्बान घोष, याशिनी शिवशंकर
यू मुंबा टीटीः मानव ठक्कर, सुतीर्थ मुखर्जी, अरुणा कादरी (नाइजीरिया) आकाश पाल, काव्यास्री भास्कर, मारिया शियाओ (स्पेन)