Trending

डब्लूसीएल 2024 : युवराज व उथप्पा का जलवा, भारत फाइनल में

मैच सेमीफाइनल का हो और भारत के सामने ऑस्ट्रेलिया हो तो युवराज सिंह जरूर से अधिक खूंखार हो जाते हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में कई बार युवराज सिंह को नॉकआउट स्टेज में ऑस्ट्रेलिया की बैंड बजाते हुए देखा है, संन्यास के बाद भी उनका जलवा खत्म नहीं हुआ है।

साभार : गूगल

इंग्लैंड में जारी वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के सेमीफाइनल में जब भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से हुआ तो युवी ने फिर कंगारुओं को उनकी नानी याद दिला दी। उन्होंने इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को इतना कूटा, इतना कूटा कि भारत ने 20 ओवर में 254 रन बोर्ड पर लगा दिए और युवराज सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत पहले बैटिंग करने उतरा था। अम्बाती रायुडू और सुरेश रैना सस्ते में ही आउट हो गए थे। युवी की बैटिंग पावरप्ले में आई थी। एक छोर से रॉबिन उथप्पा कंगारुओं को कूट रहे थे, दूसरे छोर से तबाही मचाने की जिम्मेदारी युवराज सिंह ने संभाली।

युवी ने 28 गेंदों पर 4 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों से 59 रनों की पारी खेल भारत को बड़े स्कोर की राह दिखाई। युवी का स्ट्राइक रेट इस दौरान 210 का था।

युवराज ने अपनी इस पारी से पुरानी यादें ताजा कर दी। इस विस्फोटक बैट्समैन ने कुछ इसी तरह की पारियां 2000 अंडर-19 वर्ल्ड कप, 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली थी।

युवराज सिंह के अलावा रॉबिन उथप्पा ने 35 गेंदों पर 6 चौकों और 4 छक्कों से 65 रन बनाए। पठान ब्रदर्स ने भी महफिल लूटी। यूसुफ पठान ने 23 गेंदों पर 51 तो इरफान पठान ने 19 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया।

भारत ने इस शानदार बल्लेबाजी से 20 ओवर में 6 विकेट पर 254 रन बोर्ड पर लगाए। इस बड़े स्कोर के आगे ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में 7 विकेट पर 168 ही रन बना सकी और भारत ने यह मैच 86 रनों के बड़े अंतर से जीत फाइनल में प्रवेश किया।

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2024 के फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई। इंडिया बनाम पाकिस्तान फाइनल 13 जुलाई को बर्मिंघम में होगा।