टेस्ट और टी20 रैंकिंग में भारत के यशस्वी जायसवाल टॉप-10 बल्लेबाज
भारतीय टीम के बाएं हाथ के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल आईसीसी टी20 रैंकिंग में छठे नंबर पर हैं। उनके प्रदर्शन की निरंतरता ने उनको टेस्ट मैचों में टॉप-10 में जगह मिली है। वे टेस्ट क्रिकेट में 8वें स्थान पर हैं।

जिम्बाब्वे के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में जायसवाल दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। जायसवाल ने शुरुआती दो मैच नहीं खेले थे, वह सीरीज के टॉप रन स्कोरर भी बन सकते थे। वो सीरीज के तीसरे मैच में टीम के साथ जुड़े, और उन्होंने तीन मैचों की तीन पारियों में 70.50 की औसत के साथ 141 रन बनाए।
सीरीज के टॉप स्कोरर शुभमन गिल थे, जिन्होंने 5 मैचों की पांच पारियों में 170 रन बनाए थे। गिल की औसत 42.50 रही थी। जायसवाल इस समय इकलौते भारतीय बल्लेबाज हैं, जो टेस्ट और टी0 रैंकिंग में टॉप-10 में हैं।
टी20 मैचों में ऑस्ट्रेलियाई सनसनी ट्रेविस हेड नंबर एक पर हैं। भारत के मिस्टर 360 डिग्री खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव नंबर दो पर हैं। भारतीय बल्लेबाज के तौर पर यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ टॉप-10 में हैं। टेस्ट मैचों में न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन नंबर एक पर हैं। दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमशः जो रूट और बाबर आजम हैं।
यशस्वी ने अपने टेस्ट करियर में 9 मैचों में 68.53 की औसत के साथ 1028 रन बनाए हैं। उन्होंने 20 टी20 मैचों में 37.20 की औसत के साथ 643 रन बनाए हैं। जायसवाल ने अभी तक एक भी वनडे मैच नहीं खेला है। वह दो फॉर्मेट में भारत के लिए खेलते हैं और दोनों में टॉप-10 में हैं।
भारतीय क्रिकेट का अगला दौरा श्रीलंका में है, जहां भारत तीन मैचों की टी20 सीरीज के बाद इतने ही मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। ये दौरा 27 जुलाई से शुरू होगा और 7 अगस्त तक चलेगा। टीम इंडिया का चयन होना बाकी है। सीरीज में यशस्वी जायसवाल के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।