पेरिस ओलंपिक : टेबल टेनिस के पहले मैच में भारत के सामने चीन की चुनौती
पेरिस ओलंपिक के लिए टेबल टेनिस इवेंट के ड्रॉ की घोषणा हो गयी है। भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम को पेरिस ओलंपिक के शुरुआती दौर में चार बार के स्वर्ण पदक विजेता चीन से चुनौती का सामना करना पड़ेगा।

महिला टीम का सामना राउंड ऑफ 16 में रोमानिया से होगा। दूसरे राउंड में उसका सामना रियो 2016 की रजत पदक विजेता जर्मनी से हो सकता है। पेरिस ओलंपिक की ओपनिंग सेरेमनी 26 जुलाई को होगी, भारत इस ओलंपिक में अपना पहला अभ्यास 25 जुलाई से ही शुरू करने जा रहा है।
भारत ने पहली बार टेबल टेनिस में टीम स्पर्धाओं के लिए क्वालीफाई किया है। चीन ने 2008 में ओलंपिक में टीम स्पर्धाओं की शुरुआत के बाद से सभी संस्करणों में पुरुष स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है।
महिला एकल स्पर्धा में मनिका बत्रा जिन्हें 18वीं सीड दी गई है, ग्रेट ब्रिटेन की अन्ना हर्सी के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। रियो 2016 में डेब्यू करने के बाद तीसरे ओलंपिक में खेल रही मनिका ने टोक्यो 2020 में महिला एकल में तीसरे दौर में जगह बनाई। हर्सी अपना ओलंपिक डेब्यू करेंगी।
भारतीय श्रीजा अकुला को 16वीं सीड दी गई है और वह अपने राउंड-ऑफ-64 मैच में स्वीडन की क्रिस्टीना कल्बर्ग से भिड़ेंगी। पुरुष एकल में अनुभवी शरत कमल जो अपना रिकॉर्ड पांचवां ओलंपिक खेल रहे हैं, पहले दौर में स्लोवेनिया के डेनी कोजुल से भिड़ेंगे।
हरमीत देसाई अपने अभियान की शुरुआत प्रारंभिक दौर से करेंगे। देसाई का सामना 27 जुलाई को जॉर्डन के जैद अबो यमन से होगा। पुरुष और महिला एकल में प्रारंभिक दौर में तीन-तीन मैच होंगे। प्रारंभिक दौर के विजेता राउंड ऑफ 64 के लिए क्वालीफाई करेंगे।
यदि हरमीत प्रारंभिक दौर जीत जाते हैं तो उनका सामना विश्व नंबर-5 फ्रांसीसी खिलाड़ी फ़ेलिक्स लेब्रून से होगा। पेरिस ओलंपिक में टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं 27 जुलाई से 10 अगस्त के बीच होंगी।