महिला एशिया कप : भारत 10 विकेट की जीत के साथ फाइनल में
भारतीय महिला टीम ने महिला एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 10 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत में स्मृति मंधाना का अर्धशतक अहम रहा।

पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश ने भारत को जीत के लिए 81 रनों का टारगेट दिया था। जिसे भारत ने बिना विकेट गिरे आसानी से हासिल कर लिया। भारत से स्मृति मंधाना ने 38 गेंदों में अर्धशतक जमाया।
इस मैच में बांग्लादेश महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और टीम इंडिया की गेंदबाजी ने बांग्लादेश को 20 ओवर में 8 विकेट पर 80 रनों पर ही सीमित कर दिया।
भारत की रेणुका सिंह ठाकुर ने चार ओवर में 10 रन देकर तीन विकेट झटके। राधा यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट लिए। पूजा वस्त्राकर और दीप्ति शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
बांग्लादेश से ओपनर दिलारा अख्तर और मुर्शिदा खातून क्रमशः 6 और 4 रन बनाकर रेणुका सिंह की गेंद पर आउट हो गईं। इश्मा तंजीम ने नंबर तीन पर 8 ही रन बनाए और वह रेणुका सिंह का तीसरा शिकार बनीं।
बांग्लादेश से कप्तान और विकेटकीपर निगार सुल्ताना ही एकमात्र टिकने वाली बल्लेबाज रहीं, जिन्होंने 51 गेंदों का सामना किया। उनकी 32 रनों की संघर्ष भरी पारी का अंत राधा यादव ने कर दिया। राधा यादव ने रूमाना अहमद को 1 रन पर चलता कर दिया।
बांग्लादेश का निचला क्रम राबेया खान (1), रितु मोनी (5), नाहिदा अख्तर (0) के साथ बिना खास योगदान के आउट हो गया। 9वें नंबर की बल्लेबाज शोरना अख्तर ने इस दौरान 18 गेंदों पर 19 रनों की पारी खेलकर बांग्लादेश का स्कोर 80 तक पहुंचाया।
इस मुकाबले में भारत की स्पिनर और तेज गेंदबाज दोनों को विकेट मिले। रेणुका ठाकुर ने बतौर तेज गेंदबाज और राधा यादव ने बाएं हाथ की स्पिनर के तौर पर शानदार गेंदबाजी की। स्टार स्पिनर दीप्ति शर्मा ने भी चार ओवर में 14 रन देकर 1 विकेट लिया।
महिला एशिया कप में भारतीय महिला टीम ने ग्रुप मैचों में 6 अंकों के साथ टॉप किया था। भारत ने तीनों ग्रुप मुकाबले जीते थे। बांग्लादेश ग्रुप बी में थी, जिसने तीन में दो मैच जीतने के बाद अपने ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल किया था।
महिला एशिया कप का दूसरा सेमीफाइनल श्रीलंका और पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीमों के बीच दांबुला में शुक्रवार शाम को ही खेला जाएगा।