Trending

पेरिस ओलंपिक : भारतीय पुरुष हॉकी टीम की जीत में मनदीप-विवेक-हरमनप्रीत के गोल

पेरिस ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीत के साथ आगाज किया है. हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली सितारों से सजी भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए ग्रुप बी के मैच में 3-2 से शानदार जीत दर्ज की.

@hockeyindia

भारत से मनदीप सिंह (23वें मिनट) और विवेक सागर प्रसाद (34वें मिनट) ने गोल किए. न्यूजीलैंड से लेन सैम (8वें मिनट) और साइमन चाइल्ड (53वें मिनट) ने गोल दागे.

भारत को 58वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल पोस्ट में डालकर पेरिस ओलंपिक के पहले मुकाबले में भारत की जीत पक्की की.

बता दें कि, चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. न्यूजीलैंड के साइमन चाइल्ड ने 53वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर शॉट के रिबाउंड पर गोल कर मुकाबला 2-2 से बराबर कर भारतीय फैंस को बेचैन कर दिया था.

मैच का पहला क्वार्टर न्यूजीलैंड के नाम रहा, जिन्होंने मैच की शुरुआत आक्रमण अंदाज में की. कीवी प्लेयर्स ने पहले हाफ की शुरुआती मिनटों में कई बार भारतीय डिफेंडरों को छकाया.

खेल के 8वें मिनट में न्यूजीलैंड को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे लेन सैम ने गोल पोस्ट में डालकर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया. भारत को पहले हाफ में कई मौके मिले, वह गोल करने में नाकामयाब रहे.

दूसरे क्वार्टर ने भारत ने तेज शुरुआत की और न्यूजीलैंड के ऊपर दबाव बनाना शुरू किया. भारत के स्टार फॉरवर्ड मनदीप सिंह ने सही समय पर सही स्थिति में आकर शानदार गोल करते हुए अपनी टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ बराबरी दिलाने में मदद की.

भारत को 23वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला. हरमनप्रीत सिंह के शॉट को न्यूजीलैंड के गोलकीपर ने बचा लिया, मनदीप ने रिबाउंड पर गोल करके 8 बार के स्वर्ण पदक विजेता को मैच में वापस ला दिया. हाफ टाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर हो गया.

टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता भारत ने तीसरे क्वार्टर में न्यूजीलैंड के ऊपर 1 गोल की बढ़त बनाई. भारत के विवेक सागर प्रसाद ने 34वें मिनट में शानदार फील्ड गोल किया और भारत को 2-1 से आगे कर दिया.

क्वार्टर में न्यूजीलैंड को आगे 2 पैनल्टी कॉर्नर मिले, जिनका भारत के अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने शानदार तरीके से बचाव किया. 44वें मिनट में न्यूजीलैंड ने शॉर्ट कॉर्नर पर बेहतरीन शॉट लगाया, जिसे श्रीजेश ने बचा लिया.