दूसरा टी-20 : भारत ने 7 विकेट से जीता मैच, सीरीज में अजेय बढ़त
भारतीय टीम ने दूसरे टी-20 में डक वर्थ लुईस नियम से श्रीलंका टीम को 7 विकेट से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 161 रन बनाया।

बारिश के खलल के बाद भारत को 8 ओवर में 78 रन का नया लक्ष्य मिला, जिसे मेहमान टीम ने हासिल किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने पावरप्ले के बाद 54/1 का स्कोर बनाया। श्रीलंका की अच्छी शुरुआत के बाद कुसल परेरा ने अर्धशतक (53) लगाया।
शीर्षक्रम के अच्छे प्रदर्शन के बाद मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही। नये लक्ष्य का पीछा करते हुए संजू सैमसन बिना खाता खोले ही आउट हो गए। यशस्वी जायसवाल (30) और सूर्यकुमार यादव (26) ने उपयोगी योगदान दिया। भारत ने 6.3 ओवर में मैच जीता।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका को 26 रन पर कुसल मेंडिस (10) के रूप में पहला झटका लग गया था। बल्लेबाजी पर आए परेरा ने पथुम निसांका (32) के साथ दूसरे विकेट लिए 54 रन की साझेदारी निभाई। उसके बाद उन्होंने छोटी-छोटी साझेदारी कर अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह अपनी पारी में 34 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों से 53 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। एक क्रिकेट साइट के अनुसार, यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में परेरा का 14वां अर्धशतक था, जो श्रीलंका के किसी बल्लेबाज द्वारा संयुक्त रूप से सर्वाधिक है।
उन्होंने इस मामले में तिलकरत्ने दिलशान और कुसल मेंडिस की बराबरी की। इस पारी के साथ परेरा के 170 टी-20 मैचों में 26.23 की औसत और 136.67 की स्ट्राइक रेट से 4,066 रन हो गए हैं। यह उनका 30वां अर्धशतक था। उन्होंने इस प्रारूप में एक शतक भी लगाया है।
बिश्नोई ने सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका (32) को आउट करते हुए मैच में अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने शनाका (0) और वनिंदु हसरंगा (0) को लगातार गेंदों पर आउट कर पवेलियन की राह दिखा दी।
बिश्नोई ने अपने कोटे के 4 ओवर में 26 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की। यह श्रीलंका टीम के खिलाफ इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा है। उनके अब 18.95 की औसत से 46 विकेट हो गए हैं।
दासुन शनाका लगातार 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बिना खाता खोले ही आउट हो गए। वह 2 बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय की लगातार 3 पारियों में शून्य पर आउट होने वाले दूसरे खिलाड़ी बने हैं। वह 2017 में भी लगातार 3 बार शून्य पर आउट हुए थे।