पेरिस ओलंपिक : मिश्रित टीम के कांस्य पदक के मैच में मनु – सरबजोत पेश करेंगे चुनौती
मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में दूसरे पदक की तरफ कदम बढाते हुए सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के कांस्य पदक के मुकाबले के लिये भी क्वालीफाई कर लिया, रमिता जिंदल 10 मीटर एयर राइफल में सातवें स्थान पर रही।
मनु ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था और ओलंपिक पदक जीतने वाली वह पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनी।

मनु और सरबजोत ने मिश्रित टीम स्पर्धा में 580 स्कोर करके पदक के दौर में जगह बनाई, जहां उनका सामना मंगलवार को कोरिया के ओह यि जिन और ली वोन्हो से होगा। भारत की रिदम सांगवान और अर्जुन सिंह चीमा 576 के स्कोर के साथ दसवें स्थान पर रही और पदक की दौड़ में शामिल नहीं हो सकी।
क्वालीफिकेशन में 582 के ओलंपिक रिकॉर्ड की बराबरी करने वाले तुर्किये और सर्बिया (581) के बीच स्वर्ण पदक का मुकाबला होगा। मनु ने पहली दो सीरीज में 98 स्कोर किया, तीसरे सेट में 95 स्कोर कर सकी।
पुरूषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के व्यक्तिगत दौर में फाइनल से चूके सरबजोत ने दूसरे और तीसरे सेट में 97 स्कोर किया, पहले सेट में उनका स्कोर 95 था। भारत की रमिता जिंदल महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में सातवें स्थान पर रही।
रमिता ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में 145 . 3 स्कोर किया। वह दस शॉट के बाद सातवें स्थान पर थी जब एलिमिनेशन शुरू हुआ। उसने 10 . 5 का शॉट लगाकर छठा स्थान हासिल किया और नॉर्वे की हेग लीनेट डस्टाड बाहर हो गई। अगले शॉट पर रमिता बाहर हुई।
रविवार को क्वालीफिकेशन में वह पांचवें स्थान पर रही थी। हांगझोउ एशियाई खेल की कांस्य पदक विजेता रमिता ने विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता मेहुली घोष और तिलोत्तमा सेन को घरेलू ट्रायल मंक हराकर पेरिस का टिकट कटाया था।