Trending

पेरिस ओलंपिक मुक्केबाजी : लवलीना बोरगोहेन अंतिम आठ में

टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किलो) ने ओलंपिक की मुक्केबाजी स्पर्धा में अपने पहले मुकाबले में नॉर्वे की सुन्निवा होफ्स्टाड को 5-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची।

@bfi_official_

लवलीना ने टोक्यो में 69 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीता था। वह लगातार दूसरे ओलंपिक में पदक जीतने और भारतीय मुक्केबाजी में अभूतपूर्व उपलब्धि अपने नाम करने से महज एक जीत दूर हैं।

यह इतना आसान नहीं होगा, अब उनका सामना चार अगस्त को शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की लि कियान से होगा। इस मुकाबले में जीत से लवलीना का कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो जाएगा।

कियान ने टोक्यो ओलंपिक में 75 किलो वर्ग में रजत पदक जीता था और रियो ओलंपिक 2016 में कांस्य पदक अपने नाम किया था। वह हांग्झोउ एशियाड 2022 की स्वर्ण पदक विजेता हैं।

लवलीना ने पहले दौर के मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाज से दूरी बनाकर हमला किया, नार्वे की खिलाड़ी उन्हें पकड़कर समय बर्बाद करने की कोशिश में दिख रही थी।

इस मुक्केबाज ने हमेशा की तरह चुनौतीपूर्ण मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन की क्षमता जारी रखी जैसी उन्होंने टोक्यो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में विश्व चैंपियन चेन निएन चिन को हराकर कांस्य पदक हासिल करके दिखाई थी।