पेरिस ओलंपिक : हार के साथ बाहर हुई भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम
भारतीय टीम पेरिस ओलंपिक की पुरुष टेबल टेनिस टीम स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीय चीन के खिलाफ मुकाबले में हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गई। भारत की 14वीं वरीय टीम के पास कई बार के ओलंपिक चैंपियन चीन का जवाब नहीं था जिसने मुकाबला 3-0 से जीता।

भारत से अनुभवी अचंता शरत कमल ही एक गेम जीतने में सफल रहे, टीम ने बाकी दो मैच सीधे गेम में गंवाए। भारत के लिए मुकाबले की शुरुआत हरमीत देसाई और मानव ठक्कर की दुनिया की 42वें नंबर की जोड़ी ने की जिसे एकतरफा मुकाबले में मा लोंग और वैंग चुकिन की चीन की दुनिया की नंबर एक जोड़ी के खिलाफ 0-3 (2-11, 3-11, 7-11) से हार मिली।
शरत कमल ने दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी फेन झेनडोंग के खिलाफ पहला गेम जीता, चीन के खिलाड़ी ने अगले तीन गेम जीतकर मुकाबला 3-1 (9-11, 11-7, 11-7, 11-5) से अपने नाम किया और चीन को 2-0 की बढ़त दिला दी।
करो या मरो के मुकाबले में दुनिया के 59वें नंबर के खिलाड़ी मानव को दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी चुकिन को हराना जरूरी थी, चीन के खिलाड़ी ने 3-0 (11-9, 11-6, 11-9) से मैच जीतकर अपनी टीम को क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया। भारत की महिला टीम ने सोमवार को अपने से बेहतर रैंकिंग वाले रोमानिया को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।