तीसरे वनडे में जीत के साथ श्रीलंका का सीरीज पर कब्ज़ा
श्रीलंका टीम ने तीसरे और आखिरी वनडे में भारतीय टीम को 110 रन से हराते हुए सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया। इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 248 रन बनाया। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम 138 रन पर सिमट गई।

श्रीलंका ने 27 साल बाद किसी वनडे सीरीज में भारत को हराया है। श्रीलंका से पथुम निसांका और अविष्का फर्नांडो की जोड़ी ने 89 रन की साझेदारी की। अविष्का अपने शतक से चूक गए और 96 रन बनाकर आउट हुए। नंबर-3 पर कुसल मेंडिस (59) ने अर्धशतक लगाते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में भारत से रोहित शर्मा (35) ने अच्छी बल्लेबाजी की। श्रीलंकाई स्पिनरों के सामने भारत ने 82 रन तक अपने 6 विकेट खो दिए। भारतीय पारी 26.1 ओवर में सिमट गई।
अविष्का ने शुरुआत में भारतीय तेज गेंदबाजों के खिलाफ संभलकर बल्लेबाजी की और मौके मिलने पर आकर्षक शॉट लगाए। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 65 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने क्रीज पर टिक जाने के बाद मोहम्मद सिराज के एक ओवर में 2 छक्के और 1 चौका भी लगाया।
अच्छी बल्लेबाजी कर रहे अविष्का 102 गेंदों पर 9 चौके और 2 छक्के से 96 रन बनाकर आउट हुए। अविष्का ने भारत के खिलाफ अपना तीसरा अर्धशतक लगाने के साथ-साथ सर्वोच्च स्कोर भी बनाया है। उन्होंने भारत के विरुद्ध 10 वनडे पारियों में 34.20 की औसत और 79.72 की स्ट्राइक रेट के साथ 342 रन बनाए हैं।
निसांका के विकेट के बाद मेंडिस क्रीज पर आए। उन्होंने अविष्का के साथ पारी को आगे बढ़ाया और स्कोर को 170 के पार पहुंचा दिया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी हुई। मेंडिस ने वनडे करियर का 30वां और भारत के खिलाफ दूसरा अर्धशतक लगाया।
वह इस अपनी इस पारी में 82 गेंदों में 4 चौकों से 59 रन बनाकर आउट हुए। अपना वनडे डेब्यू कर रहे पराग ने गेंदबाजी में प्रभावित किया। उन्होंने 171 रन के कुल स्कोर पर अविष्का (96) को आउट कर श्रीलंका को झटका दिया और अपने विकेटों का खाता खोला।
इसके बाद भी उनके कसी हुई गेंदबाजी जारी रखते हुए कप्तान चरिथ असलंका (10) और दुनिथ वेलालगे (2) को भी अपना शिकार बनाया। पराग ने अपने कोटे के 9 ओवर में 54 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को वेलालगे ने 73 रन पर कप्तान रोहित (35) के रूप में झटका देते हुए मैच में अपने विकेटों का खाता खोला। उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी जारी रखते हुए विराट कोहली (20), अक्षर पटेल (2), श्रेयस अय्यर (8) और कुलदीप यादव (6) को अपना शिकार बनाया।
उन्होंने अपने कोटे के 5.1 ओवर में 27 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की। श्रीलंका ने भारत के विरुद्ध 27 साल बाद वनडे सीरीज (द्विपक्षीय सीरीज) जीतने में सफलता हासिल की है। श्रीलंका ने भारत के खिलाफ सिर्फ तीसरी वनडे सीरीज जीती है।
इससे पहले 1993 में 2-1 से और 1997 से 3-0 से श्रीलंका ने भारत को हराया था। बता दें कि भारत ने वनडे 15 सीरीज में श्रीलंका को हराया है। इस बीच 3 सीरीज ड्रॉ रही हैं।