खेल पंचाट में विनेश फोगाट ने की अपील, फैसला गुरुवार को
पेरिस ओलंपिक में महिला कुश्ती 50 किग्रा स्पर्धा के फाइनल से पहले पहलवान विनेश फोगाट को झटका लगा है। उन्हें अधिक वजन के कारण फाइनल से पहले अयोग्य घोषित कर दिया गया है।

इस मामले के बाद सभी भारतीय लोगों को झटका लगा है। कई खिलाड़ियों ने इस मामले में जांच की अपील भी की है। पीएम मोदी ने भी पीटी उषा से पूरी जानकारी मांगी है।
पेरिस ओलंपिक में अयोग्य करार देने के बाद भारत की स्टार रेसलर विनेश ने CAS (खेल पंचाट न्यायालय) में अपील की है। उन्होंने खुद को अयोग्य करार दिए जाने के खिलाफ अपील की है। उन्होंने कहा है कि उन्हें सिल्वर मेडल दिया जाए। CAS ने अंतिम फैसला सुनाने के लिए गुरुवार सुबह तक का समय मांगा है।
बता दें कि विनेश पेरिस ओलंपिक के कुश्ती के फाइनल में लड़ने से पहले ही डिसक्वालिफाई कर दी गईं। भारतीय ओलंपिक संघ ने बयान में कहा गया है कि मंगलवार को प्री क्वार्टर फाइनल में उतरने से पहले जो वजन मापा गया था, तब विनेश 49.9 किलो की थीं, जो कि 50 किलो भारवर्ग में उतरने के लिए ठीक था।
मंगलवार को तीन राउंड, प्री क्वार्टर फाइनल, क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल खेलने के बाद उनका वजन 52.7 किलो हो गया, जो कि 2.8 किलो ज्यादा था। सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिरकार विनेश का 2.8 किलो वजन 12 घंटे के अंदर बढ़ा कैसे?