Trending

ओलंपिक समापन : पीआर श्रीजेश व मनु भाकर बने भारतीय दल के ध्वजवाहक

फ्रांस की राजधानी में स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक के साथ अभियान समाप्त करने वाली भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश 11 अगस्त को पेरिस ओलंपिक के समापन के दौरान मनु भाकर के साथ भारत के ध्वजवाहक होंगे।

साभार : गूगल

श्रीजेश 2021 में टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम के भी सदस्य थे। आईओए ने आधिकारिक बयान में कहा, भारतीय ओलंपिक संघ को पेरिस ओलंपिक के समापन समारोह में पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर के साथ संयुक्त ध्वजवाहक के रूप में हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश के नामांकन की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है।

आईओए अध्यक्ष डॉ पीटी उषा ने कहा कि श्रीजेश आईओए नेतृत्व के भीतर एक भावनात्मक और लोकप्रिय पसंद थे, जिसमें शेफ डी मिशन गगन नारंग और संपूर्ण भारतीय दल शामिल थे। उन्होंने कहा, श्रीजेश ने दो दशकों से अधिक समय तक विशेष रूप से भारतीय हॉकी और सामान्य तौर पर भारतीय खेल की सराहनीय सेवा की है।

डॉ. उषा ने कहा कि उन्होंने भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा से बात की है, जिन्होंने गुरुवार को रजत पदक जीतकर लगातार ओलंपिक में दूसरा पदक जीता है। उन्होंने कहा, मैंने नीरज से बात की और उस सहजता और शालीनता की सराहना की जिसके साथ वह इस बात पर सहमत हुए कि श्रीजेश को समापन समारोह में ध्वजवाहक होना चाहिए।

उन्होंने मुझसे कहा, ‘मैम, अगर आपने मुझसे नहीं भी पूछा होता तो भी मैं श्रीभाई का नाम सुझाता। बता दें कि कुछ दिन पहले ही मनु के नाम का ऐलान हुआ था।

भारत की आजादी के बाद वह एक ही ओलंपिक में कई पदक जीतने वाली पहली एथलीट बनीं। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला और 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम (सरबजोत सिंह के साथ) में कांस्य पदक जीता था।