महिला टी-20 विश्व कप की मेजबानी से पीछे हटा बीसीसीआई
बीसीसीआई ने आईसीसी की ओर से महिला टी 20 विश्व कप की मेज़बानी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। इस प्रतियोगिता की मेज़बानी से पीछे हटने के बाद श्रीलंका और यूएई दूसरे विकल्प बचे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, जय शाह ने कहा, ” आईसीसी विश्व कप की मेज़बानी का प्रस्ताव रखा था। मैंने मना कर दिया, ये समय बरसात का है और अगले साल हमें ही महिला वनडे विश्व कप की मेज़बानी करनी है। मैं किसी को ग़लत संदेश नहीं देना चाहता कि हम दो विश्व कप की मेज़बानी करना चाहते हैं।
बांग्लादेश सरकार विरोधी आंदोलनों की वजह से हिंसा और सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहा है, और यही वजह है कि आईसीसी बांग्लादेश की जगह किसी और को मेज़बानी देने पर सोच रही है। बांग्लादेश में कई लोगों की मौत हो गई है और पीएम शेख हसीना को गद्दी से हटा दिया गया है।
आईसीसी अधिकारी ने कहा था कि बांग्लादेश की स्थिति पर नज़र रखी जा रही है और सभी विकल्प खुले रखे गए हैं। आईसीसी द्वारा बयान में कहा गया था, “हम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, उनकी सुरक्षा एजेंसियों और हमारे अपने स्वतंत्र सुरक्षा सलाहकारों के साथ समन्वय में वहां हो रही गतिविधियों की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। हमारी प्राथमिकता सब प्रतिभागियों की सुरक्षा और भलाई है।
सुरक्षा चुनौतियों के अलावा, बीसीबी संकट में है। उनके अध्यक्ष और पूर्व खेल मंत्री नजमुल हसन 5 अगस्त को अवामी लीग सरकार के पतन के बाद से कार्यालय से बाहर हैं। कई बोर्ड निदेशक, जिनके राजनीतिक संबंध हैं, वह भी संपर्क में नहीं हैं।
बांग्लादेश पुरुष टेस्ट टीम दो मैचों की सीरीज़ के लिए पाकिस्तान दौरे पर है। बांग्लादेश में आंदोलन की वजह से अभ्यास बाधित होने के बाद वे प्रस्तावित पाकिस्तान दौरे से कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान आ गए। बांग्लादेश पुरुष टीम अगले महीने दो टेस्ट और तीन टी20 मैचों के लिए भारत का दौरा करने वाली है।
बांग्लादेश के भारत दौरे को लेकर शाह ने कहा, “हमने उनसे (बांग्लादेश अधिकारियों से) बात नहीं की है। वहां नई सरकार ने कार्यभार संभाला है। वे हमसे संपर्क कर सकते हैं या मैं उनसे संपर्क करूंगा। बांग्लादेश सीरीज हमारे लिए अहम है।