Trending

बुची बाबू टूर्नामेंट में ईशान किशन ने जड़ा शतक

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने घरेलू टूर्नामेंट बुची बाबू में मध्यप्रदेश के खिलाफ शतक मारकर टीम में वापसी की दावेदारी पेश की है। ईशान 8 महीने से टीम से बाहर चल रहे हैं।

साभार : गूगल

वे पिछले साल के आखिरी महीने में दक्षिण अफ्रीका दौरे को बीच में ही छोड़ कर ब्रेक पर चले गए थे। इस दौरे में उन्हें टी-20 और टेस्ट टीम में जगह दी गई थी। उन्हें टी-20 के एक भी मैच में प्लेइंग इलेवन में अवसर नहीं मिला था। वह वनडे स्क्वॉड में नहीं थे। टेस्ट सीरीज में उनका नाम था, वे पहले ही भारत लौट गए थे।

ईशान बुची बाबू टूर्नामेंट में झारखंड की कप्तानी कर रहे हैं। मध्य प्रदेश के खिलाफ मैच में उन्होंने 107 गेंदों पर 114 रन की पारी खेली जिसमें 10 छक्के और 5 चौके हैं। ईशान जब 92 के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे, उसके बाद उन्होंने लगातार दो छक्के जड़ कर अपना शतक पूरा किया।

मध्यप्रदेश के खिलाफ झारखंड ने एक समय 108 रन पर 3 विकेट खो दिए थे। जब ईशान क्रीज पर पहुंचे उस समय उनकी टीम झारखंड 113 रन से पिछड़ रही थी।

इसके बाद उन्होंने शतकीय पारी खेलकर झारखंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। ईशान ने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए 61 गेंदों पर हाफ सेंचुरी पूरी की। अगले 50 रन उन्होंने महज 37 गेंदों पर बनाया।

ईशान को बीसीसीआई ने एनुअल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया। वे पिछले साल दिसंबर में साउथ अफ्रीका दौरे को बीच में छोड़ कर ब्रेक पर चले गए थे। उसके बाद इस साल के शुरुआत में बीसीसीआई से आदेश दिए जाने के बाद भी वह झारखंड से रणजी में हिस्सा नहीं लिए।

जिस समय रणजी मैच खेले जा रहे थे, ईशान बड़ौदा में पंड्या ब्रदर्स के साथ IPL की तैयारी कर रहे थे। बांग्लादेश सितंबर में भारतीय दौरे पर आएगी। इस दौरान 2 टेस्ट मैचों की सीरीज और 3 टी-20 मैचों की सीरीज होगी। दौरे की शुरुआत 19 सितंबर से होगी।