Trending
डूरंड कप : रद्द मैच में मोहन बागान-ईस्ट बंगाल को एक-एक अंक
मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के बीच रविवार को साल्ट लेक स्टेडियम में होने वाला डूरंड कप मैच शहर में मौजूदा अशांति की वजह से रद्द कर दिया गया है। यह फैसला कोलकाता पुलिस अधिकारियों और टूर्नामेंट के आयोजकों के बीच बैठक के बाद लिया गया।

एक अधिकारी ने बताया, दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया जाएगा, प्रशंसकों को खरीदे गए टिकटों का पूरा पैसा वापस मिलेगा। यह भी पता चला है कि कोलकाता में होने वाले डूरंड कप के बाकी मैच जमशेदपुर में स्थानांतरित हो सकते हैं।
इस मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की परास्नातक प्रशिक्षु चिकित्सक का शव नौ अगस्त को मिलने के बाद से व्यापक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।