वेस्टइंडीज के खिलाफ केशव महाराज ने झटके 13 विकेट, रचा इतिहास
दक्षिण अफ्रीका स्पिनर केशव महाराज ने उस समय इतिहास रचा जब उन्होंने हाल ही में खत्म हुई वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मैच की टेस्ट सीरीज में 13 विकेट झटके।

इन 13 विकेट के साथ वह अपने देश के लिए टेस्ट क्रिकेट में ज्यादा विकेट झटकने वाले स्पिनर बन गए हैं। उन्होंने 64 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए दक्षिण अफ्रीका के लीजेंड ह्यूग टेफील्ड को इस लिस्ट में पछाड़ा है।
बता दें, केशव महाराज के इस उम्दा प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका यह सीरीज 1-0 से अपने नाम करने में सफल रहा। सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा था।
बात दक्षिण अफ्रीका के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले स्पिनर्स की करें तो केशव महाराज 171 विकेट के साथ इस सूची के टॉप पर हैं। उन्होंने यह विकेट 52 मैचों में 30.78 के औसत और 58.9 के स्ट्राइक रेट के साथ झटके हैं।
1949 से 1960 तक दक्षिण अफ्रीका के लिए खेलने वाले ह्यूग टेफील्ड ने अपने टेस्ट करियर में 170 शिकर किए थे। 64 साल बाद इस लिस्ट में उनसे आगे कोई साउथ अफ्रीकी स्पिनर निकल पाया है।
दक्षिण अफ्रीका (टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले स्पिनर्स)
- प्लेयर विकेट
- केशव महाराज 171
- ह्यूग टेफील्ड 170
- पॉल एडम्स 134
- पॉल हैरिस 103
- निकी बोजे 100
बात मुकाबले की करें तो, गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में हुए इस टेस्ट का पहला दिन गेंदबाजों के नाम रहा था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका तो 160 रनों पर सिमटी ही, वेस्टइंडीज ने 97 रन पर 7 विकेट गंवाए।
पहले दिन कुल 17 विकेट गिरे। इसके बाद अफ्रीकी टीम ने दूसरी पारी में बड़ा स्कोर खड़ा कर मैच पर शिकंजा कसा। दूसरे दिन मेजबानों को 144 रनों पर ढेर दक्षिण अफ्रीका ने 16 रनों की मामूली बढ़त हासिल की।
इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने 246 रन बोर्ड पर लगाकर, वेस्टइंडीज के सामने जीत के लिए 263 रनों का लक्ष्य रखा। इस स्कोर का पीछा करते हुए मेजबान टीम 222 रनों पर ही सिमट गई और दक्षिण अफ्रीका ने 40 रनों से इस मैच को अपने नाम किया। वियान मुल्डर को उनके ऑलराउंड परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया, केशव महाराज प्लेयर ऑफ द सीरीज बनें।