दीप्ति शर्मा का लॉन्ग ऑन पर छक्का, लंदन स्पिरिट ने जीता खिताब
लंदन स्पिरिट ने महिलाओं के द हंड्रेड टूर्नामेंट के फाइनल वेल्श फायर को हराकर पहली बार खिताब पर कब्जा जमाया। जब लंदन स्पिरिट को आखिरी तीन गेंदों पर चार रनों की जरुरत थी।
दीप्ति ने ऐसे में हेली मैथ्यूज की गेंद पर कदमों का इस्तेमाल कर लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का लगाया। उनका यह बेबाक अंदाज देख डग आउट में बैठीं लंदन स्पिरिट की अन्य प्लेयर्स की आंखें फटी की फटी रह गईं।

वेल्श फायर ने मैच में लंदन स्पिरिट को जीत के लिए 116 रनों का टारगेट दिया था, जिसे टीम ने दीप्ति शर्मा के छक्के से 2 गेंदें और 4 विकेट शेष रहते ही हासिल कर लिया। दीप्ति ने 16 रनों की नाबाद पारी खेली।
बात मुकाबले की करें तो, पहले बल्लेबाजी करते हुए वेल्श फायर ने 100 गेंदों पर 8 विकेट पर 115 रन बोर्ड पर लगाए थे। जेस जोनासेन 54 रनों के साथ टीम की टॉप स्कोरर रही थीं। उनके अलावा कोई भी बैटर 25 रन का आंकड़ा नहीं पार कर पाईं।
इस स्कोर का पीछा करते हुए लंदन स्पिरिट को अच्छी शुरुआत नहीं मिली थी, ओपनर जॉर्जिया रेडमेयने (34) एक छोर पर डटी रही।
89वीं गेंद पर 104 के स्कोर पर जब वह आउट हुईं तो कुछ देर के लिए जरूर लंदन स्पिरिट की सांसे बढ़ गई थी, अंत में दीप्ति ने 16 गेंदों पर 16 रनों की पारी खेल टीम को जीत दिलाई। दीप्ति ने अपनी पारी में एकमात्र विनिंग सिक्स के रूप में बाउंड्री बटोरी थी। जॉर्जिया रेडमेयने को उनकी शानदार बैटिंग के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।