काउंटी चैंपियनशिप में सरे के लिए खेलेंगे साई सुदर्शन
भारतीय बल्लेबाज बी साई सुदर्शन अगले दो इंग्लिश काउंटी चैंपियनशिप मैच में सरे के लिए खेलेंगे। सुदर्शन गुरुवार को ओवल में लंकाशर के खिलाफ मैच के साथ अपने काउंटी कार्यकाल की शुरुआत करेंगे और अगले हफ्ते ट्रेंट ब्रिज में नॉटिंघमशर के खिलाफ खेलेंगे।

तमिलनाडु का यह बल्लेबाज पांच सितंबर से बेंगलुरू और अनंतपुर में शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी में भाग लेने के लिए भारत वापस आएगा। सुदर्शन टीम सी का हिस्सा हैं जिसका नेतृत्व रुतुराज गायकवाड़ करेंगे।
सरे वर्तमान में डिवीजन वन तालिका में शीर्ष पर है और अपने लगातार तीसरे काउंटी खिताब पर नजर लगाए हुए है। बाएं हाथ के बल्लेबाज सुदर्शन ने जून में ओवल में एसेक्स के खिलाफ सरे के पिछले चैंपियनशिप मैच में हिस्सा लिया था। वह सितंबर 2023 में सरे के लिए दो मैच खेले थे।
साई सुदर्शन ने 2022 में आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू किया था। उसके बाद उन्होंने अपने शानदार खेल से सबको प्रभावित किया।
सुदर्शन ने अब तक तीन आईपीएल सीजन खेले हैं और तीनों में ही उन्होंने कमाल किया है। अब तक साई ने खेले गए 25 आईपीएल मुकाबलों में 47 की औसत से 1034 रन ठोके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 139 का रहा है। आईपीएल में सुदर्शन के नाम 1 शतक और 6 अर्धशतक हैं।
बता दें कि साई सुदर्शन को आईपीएल में खुद को साबित करने के बाद भारतीय टीम में मौका मिला था। उन्होंने भारत के लिए अब तक 3 वनडे और 1 टी20 खेला है।
वनडे की 3 पारियों में से 2 में उनके नाम अर्धशतक है। उन्होंने 63 की औसत से वनडे में 127 रन बनाए हैं। साई को टी20 में बैटिंग करने का मौका नहीं मिला।