लुसाने डायमंड लीग : सीजन के बेस्ट थ्रो के साथ नीरज चोपड़ा फाइनल में
स्टार भारतीय जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने स्विट्जरलैंड में लुसाने डायमंड लीग में सीजन का बेस्ट थ्रो फेंका। उन्होंने अपनी अंतिम प्रयास में 89.49 मीटर का थ्रो किया। वे 90 मीटर के ऊपर का थ्रो नहीं कर सके।

उन्होंने डायमंड लीग मीटिंग सीरीज टेबल में टॉप छह में रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया है। नीरज ने इस थ्रो के साथ खुद के पेरिस ओलंपिक में फेंके 89.45 मीटर के थ्रो को पीछे छोड़ा।
पहले चार थ्रो में नीरज 85 मीटर तक नहीं पहुंच सके थे। उनका पहला थ्रो 82.10 मीटर, दूसरा 83.21 मीटर, तीसरा 83.31 मीटर, चौथा 82.34 मीटर का रहा था। अपने पांचवे थ्रो में नीरज ने 85.58 मीटर भाला फेंका। अपने आखिरी थ्रो में नीरज 89.49 मीटर पहुंचे।
नीरज ने पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीता था। उन्होंने दूसरे प्रयास में सीजन बेस्ट 89.45 स्कोर किया था। पाक के अरशद नदीम ने गोल्ड मेडल हासिल किया था। उन्होंने 92.97 मीटर भाला फेंककर ओलंपिक रिकॉर्ड बनाया था। अरशद ने 6 में से 2 थ्रो 90 से ज्यादा फेंके थे। ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स (88.54 मीटर) को ब्रॉन्ज मिला था।
नीरज लगातार दो ओलंपिक में मेडल जीतने वाले भारत के तीसरे भारतीय खिलाड़ी बने हैं। नीरज से पहले पहलवान सुशील कुमार और बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने लगातार दो ओलंपिक में मेडल जीते थे।