Trending

वर्ल्ड चैंपियन महिला रेसलिंग टीम की फ्लाइट छूटी, साई और डब्लूएफआई कटघरे में

वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतकर लौट रहीं भारत की अंडर-17 विमेंस रेसलिंग टीम जॉर्डन के अम्मान एयरपोर्ट पर फंस गई है।  एक न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि रेसलर्स की फ्लाइट छूट गई है। भारतीय खेल प्राधिकरण ने खिलाड़ियों और कोच की टिकट अलग-अलग एयरवेज में बुक की थी।

साभार : गूगल

इस टीम ने 5 गोल्ड, एक सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज सहित कुल 8 मेडल जीतकर टीम चैंपियनशिप जीती है। इस मामले में साई का ऑफिशियल बयान नहीं आया है। मिली जानकारी के अनुसार, 9 महिला पहलवानों और 3 कोच को शनिवार शाम भारत वापस लौटना था, उनकी टिकट अलग-अलग उड़ानों में बुकिंग हो गई थी।

कोच जय भगवान, शिल्पी श्योराण और रेखा रानी को दुबई में रुकने वाली एमिरेट्स उड़ान में सवार होना था, युवा पहलवानों की बुकिंग कतर एयरवेज में हुई थी।

कोच की उड़ान (EK904) को शाम 6:10 बजे अम्मान से रवाना होना था और रात 10:10 बजे दुबई पहुंचना था। वहां से उन्हें सुबह 3:55 बजे दूसरे विमान में सवार होकर सुबह 9:05 बजे दिल्ली आना था।

पहलवानों की उड़ान (QR401) को रात 8:30 बजे रवाना होकर रात 11:10 बजे दोहा पहुंचना था, यह फ्लाइट शाम 6:18 बजे ही रवाना हो गई। यह क्लियर नहीं है कि उड़ान का समय बदला या नहीं।

साई ने एक दिन पहले इस पोस्ट में लिखा था- ‘भारतीय रेसलिंग का भविष्य सुरक्षित हाथों में हैं। साई और रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की लापरवाही के कारण जॉर्डन में 17 साल से कम उम्र की लड़कियों के फंसने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या भारतीय रेसलर्स सेफ हैंड में हैं?

टीम से जुड़े सूत्र ने कहा कि कम से कम एक कोच को युवा पहलवानों के साथ जाना चाहिए था। अब उन्हें पहली उपलब्ध उड़ान से लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया  के एक अधिकारी ने कहा कि पहलवानों को पहली उपलब्ध उड़ान से स्वदेश वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।