खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 25 लोगों की मौत, मरने वालों में महिलाओं और बच्चा भी शामिल

Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान के रावलपिंडी में रविवार को एक बस बेकाबू होकर खाई में गिर गई. इस हादसे में कम से कम 25 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है. हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं.
Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान के रावलपिंडी में रविवार को यात्रियों से भरी एक बस नाले में गिर गई. जिससे बस में सवार कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई. बचाव अधिकारियों ने एक स्थानीय न्यूज चैनल को बताया कि रावलपिंडी के पास एक यात्री बस खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है. जबकि कई लोग घायल हो गए. सूत्रों के मुताबिक, बस हवेली कहुटा से रावलपिंडी जा रही थी और पाना पुल के पास हादसे का शिकार हो गई.
हादसे के कारणों का नहीं चला पता
हालांकि, दुर्घटना के कारणों का अभी तक पूरी तरह से पता नहीं चला है. हादसा रावलपिंडी के कहुटा तहसील के एक पहाड़ी इलाके में हुआ. कहुटा के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) मुहम्मद जका ने बताया कि दुर्घटना आजाद पट्टन रोड के पास हुई जो कहुटा की सीमा में लगता है. पुलिस, प्रशासन और बचाव दल घटना स्थल पर मौजूद हैं और शवों को बस से निकालकर जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया है.
पाक राष्ट्रपति ने जताया हादसे पर दुख
बचाव अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में मारे गए कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है. अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने रावलपिंडी हादसे पर दुख जताया है. इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. राष्ट्रपति जरदारी ने राहत गतिविधियों में तेजी लाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा, ”दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं.”
मरियम नवाज ने भी जताया अफसोस
बता दें कि रावलपिंडी पाकिस्तान के पंजाब राज्य में लगता है. जहां की मुख्यमंत्री मरियम नवाज हैं. रावलपिंडी में हुए हादसे पर मरियन नवाज ने भी दुख जताया है. वहीं पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की इमरजेंसी सेवा 1122 के प्रवक्ता के मुताबिक, हादसे में 22 लोगों की मौत हुई है. उन्होंने बताया कि मरने वालों में 15 पुरुष, छह महिलाओं और एक बच्चा शामिल है. बता दें कि पाकिस्तान में आए दिन ऐसा हादसे होते रहते हैं. इसके पीछे की वजह देश में ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर में कमी और सड़क सुरक्षा में लापरवाही है.Read More