दलीप ट्रॉफी में नहीं खेलेंगे जडेजा, सिराज और उमरान मलिक
दलीप ट्रॉफी की शुरुआत से पहले भारतीय फैंस को बड़ा झटका लगा है। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा दोनों इंडिया ‘बी’ के स्क्वाड से बाहर हो गए हैं, इंडिया ‘सी’ के उमरान मलिक भी इस मुकाबले में नहीं खेलेंगे।

टूर्नामेंट के पहले राउंड के लिए टीमों में कई परिवर्तन देखने को मिले हैं। पुरुष चयन समिति ने 2024-25 दलीप ट्रॉफी के पहले राउंड के लिए टीम में कुछ सब्सटीट्यूट की घोषणा की है।
बीसीसीआई ने प्रेस विज्ञप्ति में यह बताया है कि सिराज और मलिक दोनों ही बीमार चल रहे हैं और इन दोनों के समय पर फिट होने की संभावना नहीं है। सिराज की जगह पर नवदीप सैनी और मलिक की जगह पर गौरव यादव को शामिल किया गया है।
जडेजा को रिलीज किए जाने की वजह सामने नहीं आई है। उनके संबंध में प्रेस विज्ञप्ति में इतना बताया गया है कि उन्हें टीम ‘बी’ के दल से रिलीज किया गया है। नितीश कुमार रेड्डी का दलीप ट्रॉफी खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। वह इस समय स्पोर्ट्स हर्निया इंजरी से रिकवर कर रहे हैं।
दलीप ट्रॉफी का आगाज 5 सितंबर से होने जा रहा है। इसके मुकाबले अनंतपुर और बेंगलुरु में खेले जाएंगे। 19 सितंबर से भारत-बांग्लादेश की टेस्ट सीरीज भी शुरू होने वाली है, ऐसे में जिन खिलाड़ियों को भारतीय दल में चुना जाएगा उनकी जगह पर अन्य खिलाड़ियों को दलीप ट्रॉफी के दूसरे राउंड में मौका दिया जाएगा।