Trending

पेरिस पैरालंपिक बैडमिंटन : मनीषा सेमीफाइनल में, पलक और मनदीप की हार

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी मनीषा रामदास ने एसयू5 वर्ग में महिला एकल सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक की उम्मीदें कायम रखीं, मनदीप कौर और पलक कोहली रविवार को महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में अपने-अपने मैच हार कर पेरिस पैरालंपिक से बाहर हो गई।

साभार : गूगल

मनीषा के दाहिने हाथ में जन्म से ही विकार था। इस खिलाड़ी को क्वार्टर फाइनल में जापान की मामिको टोयोडा को 21- 13 21-16 से हराने में परेशानी नहीं हुई। दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी ने अपनी गैरवरीय प्रतिद्वंद्वी को केवल 30 मिनट में बाहर का रास्ता दिखाया।

एसएल3 वर्ग में खेल रही मनदीप नाइजीरिया की तीसरी वरीयता प्राप्त बोलाजी मरियम एनियोला के सामने चुनौती पेश नहीं कर पाई और 23 मिनट में 8-21, 9-21 से हार गई।

मनदीप की एनियोला के खिलाफ यह दूसरी हार है। इससे पहले वह ग्रुप चरण में नाइजीरियाई खिलाड़ी से हार गई थी। एसएल4 वर्ग में पैरा विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता पलक इंडोनेशिया की खलीमातुस सादियाह से 28 मिनट में 19-21, 15-21 से हार गईं।

नित्या सिवन सुमति एसएच6 श्रेणी के क्वार्टर फाइनल में चुनौती पेश करेंगी। उनका मुकाबला पोलैंड की ओलिविया स्ज़मीगील से होगा। एसएल4 वर्ग में पुरुष एकल सेमीफाइनल में दो भारतीय खिलाड़ी सुहास यतिराज और सुकांत कदम आमने-सामने होंगे। एसएल3 वर्ग के पुरुष एकल सेमीफाइनल में नितेश कुमार का मुकाबला जापान के डाइसुके फुजिहारा से होगा।