Trending

पेरिस पैरालंपिक : गोला फेंक में पदक से चूके रवि रोंगाली

भारत के रवि रोंगाली से पेरिस पैरालंपिक में पदक लाने की उम्मीद थी, वह पुरुषों की एफ40 गोला फेंक फाइनल में पांचवें स्थान पर रहे और पदक लाने से चूक गए। पिछले साल चीन में एशियाई पैरा खेल में रजत पदक जीतने वाले रवि ने 10.63 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

साभार : गूगल

विश्व रिकॉर्ड धारक पुर्तगाल के मिगुएल मोंटेरो ने 11.21 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता, मंगोलिया के बटुल्गा त्सेगमिड (11.09 मीटर) ने कांस्य पदक जीता।

मौजूदा एशियाई पैरा खेल के चैंपियन इराक के गर्राह तनैयाश ने 11.03 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता, टोक्यो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता और मौजूदा विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियन रूस डेनिस गनेजडिलोव 10.80 मीटर के साथ चौथे स्थान पर रहे।

रक्षिता राजू महिलाओं की 1500 मीटर टी11 दौड़ के शुरुआती दौर में ही बाहर हो गईं। रक्षिता हीट तीन में पांच मिनट 29.92 सेकेंड के समय के साथ चार धावकों में आखिरी स्थान पर रहीं। तीनों हीट से प्रत्येक में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।

चीन की शानशान हे चार मिनट 44.66 सेकेंड के समय के साथ रक्षिता की हीट में शीर्ष स्थान पर रहीं, दक्षिण अफ्रीका की लौजेन कोएट्जी ने सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास चार मिनट 45.25 सेकेंड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। टी11 श्रेणी दृष्टिबाधित एथलीटों के लिए है। इसमें एथलीट गाइड की मदद से प्रतिस्पर्धा करते हैं।

भारत ने पेरिस पैरालंपिक में पांच पदक सहित एक स्वर्ण पदक जीता है। अवनि लेखरा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था, मोना ने इसी स्पर्धा का कांस्य पदक जीता था।

पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में मनीष नरवाल ने रजत पदक जीता था। प्रीति पाल ने महिलाओं की 100 मीटर टी35 स्पर्धा और रुबीना फ्रांसिस ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 में कांस्य पदक जीता था।