यूपी टी20 लीग : मेरठ की नहीं चली, लखनऊ फाल्कन्स ने सात विकेट से जीता मुकाबला
यूपी टी20 लीग का 29वां मुकाबला रिंकू सिंह की मेरठ मावरिक्स और प्रियम गर्ग की लखनऊ फाल्कन्स के बीच खेला गया। इस मैच में लखनऊ फालकन्स ने 7 विकेट से मेरठ की टीम को हराया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए मेरठ मावरिक्स ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 122 रन बनाए। जवाब में लखनऊ ने इस लक्ष्य को 17.3 ओवर में ही 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मैच की अहमियत उतनी ज्यादा नहीं थी, दोनों ही टीमें प्लेऑफ में पहले ही पहुंच चुकी हैं। इसी वजह से रिंकू सिंह और भुवनेश्वर कुमार जैसे बड़े खिलाड़ियों ने इस मुकाबले में नहीं खेला।
मेरठ मावरिक्स की बल्लेबाजी इस मैच में काफी खराब रही। पिछले मैच में धुआंधार शतक लगाने वाले स्वास्तिक चिकारा इस मुकाबले में बिना खाता खोले आउट हो गए। कप्तान माधव कौशिक ने 13 गेंद पर 21 और ऋतुराज शर्मा ने 27 गेंद पर 29 रन बनाए।
निचले क्रम में यश गर्ग ने 29 रन बनाए, बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। जवाब में लखनऊ फालकन्स से समर्थ सिंह ने 37 गेंद पर 3 चौके और 3 छक्के से 50 रन बनाकर टीम को आसानी से जीत दिला दी। कृतज्ञ सिंह ने भी 29 गेंद पर 35 रन बनाए।
इससे पहले खेले गए एक अन्य मुकाबले में काशी रुद्रास ने नोएडा सुपर किंग्स को 79 रन से हराया। पहले खेलते हुए काशी की टीम ने 6 विकेट पर 167 रन बनाए। कप्तान करन शर्मा ने 53 गेंद पर 69 रनों की धुआंधार पारी खेली।
जवाब में नोएडा सुपर किंग्स 18 ओवर में 88 रन बनाकर सिमट गई। नोएडा सुपर किंग्स की यह चौथी हार है और वो प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुके हैं। बता दें कि अंक तालिका में रिंकू सिंह की मेरठ मावरिक्स पहले पायदान पर है और लखनऊ की टीम दूसरे नंबर पर है। ये दोनों ही टीमें प्लेऑफ में पहुंच चुकी हैं।