भारत के खिलाफ सीरीज के लिए चेन्नई में बांग्लादेश टीम
पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जीत के बाद बांग्लादेश टीम दो टेस्ट मैचों और तीन टी20 मैचों के लिए रविवार को भारत आ गयी, कप्तान नजमुल हसन शंटो ने आने वाले सप्ताह में टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

बांग्लादेश टीम 19 सितंबर से शुरू होने वाले शुरुआती टेस्ट के लिए रविवार दोपहर को चेन्नई पहुंची। ढाका से चेन्नई के लिए उड़ान भरने से पहले शंटो ने हवाई अड्डे पर कहा, ‘यह निश्चित रूप से हमारे लिए एक बहुत ही चुनौतीपूर्ण सीरीज होगी।
उन्होंने कहा, ‘एक अच्छी सीरीज (बनाम पाकिस्तान) के बाद निश्चित रूप से टीम और देश के लोगों का आत्मविश्वास बढ़ा है। प्रत्येक सीरीज एक अवसर है। हम दोनों मैच जीतने के लिए खेलेंगे।
भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप तालिका में शीर्ष पर है, बांग्लादेश के कप्तान का मानना है कि मैच का प्रदर्शन रैंकिंग पर निर्भर नहीं होता और यह सब इस बात पर निर्भर करेगा कि उनकी टीम उन पांच दिनों के दौरान कैसा प्रदर्शन करती है।
शंटो ने कहा, ‘रैंकिंग में उनकी टीम हमसे काफी आगे है, हमने हाल ही में अच्छा प्रदर्शन किया है। हमारी सीरीज अच्छी रही है। हमारा लक्ष्य पांच दिनों तक अच्छा खेलना होगा।