गड़बडी की आशंका पर सपा कार्यकर्ताओं ने मतगणनास्थल का लिया जायजा

एटा। वाराणसी में ईवीएम लेकर जा रही गाड़ी को पकड़ने के बाद से उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़े समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की नींद उड़ गई है। उन्होंने ईवीएम की निगरानी बढ़ा दी है और बुधवार को मतगणनास्थल का जायजा लिया है।

इसी के तहत बुधवार को सपा एमएलसी अरविंद कुमार यादव एटा पहुंच गए और विधानसभा सदर उम्मीदवार जुगेन्द्र सिंह यादव, विधानसभा क्षेत्र मारहरा उम्मीदवार अमित गौरव उर्फ टीटू यादव, जलेसर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार रणजीत सुमन व जिलाध्यक्ष परवेज जुवैरी के साथ मिलकर अपर पुलिस अधीक्षक की अनुमति के बाद मतगणनास्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान एमएलसी अरविंद कुमार यादव ने मीडिया से कहा कि ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी की आशंका ने सपा के दिग्गज नेताओं की नींद उड़ा दी है। पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव के आह्वान के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर के स्ट्रांग रूम की घेराबंदी शुरू कर दी। एकाएक डे-नाइट शिफ्ट में ईवीएम की निगरानी करने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ गई।

एटा सदर, मारहर, जलेसर और अलीगंज विधानसभा के चारों प्रत्याशी, बूथ के कार्यकर्ता एवं अन्य पदाधिकारी मतगणना होने तक मतगणनास्थल की पूरी तरह से निगरानी करेंगे। सरकार अपने हिसाब से मतगणना कराना चाहती है, लेकिन सपा के कार्यकर्ता ईवीएम की रखवाली करेंगे। प्रत्याशियों ने कहा है कि भाजपा सरकार की गढ़बढ़ी कराने की मंशा है। लेकिन उन्होंने कहा है कि वे हर स्थिति का मुकाबला करने का तैयार है। यहां ऐसा नहीं होने देंगे।