सीपीएल : त्रिनबागो नाइट राइडर्स के शक्केरे पैरिस ने जड़ा 124 मीटर लंबा छक्का
क्रिकेट के इतिहास में आपने एक से एक लंबे छक्के लगते देखे होंगे। कई बार ऐसा भी होता है जब बल्लेबाज पूरी ताकत लगाकर गेंद को स्टेडियम के ही बाहर पहुंचा देता है।

हम आपको एक ऐसे ही सिक्स का वीडियो दिखाने जा रहे हैं। सीपीएल 2024 के दौरान त्रिनबागो नाइट राइडर्स के सलामी बल्लेबाज शक्केरे पैरिस ने 124 मीटर लंबा छक्का लगाकर हर किसी को हैरान कर दिया है। यह टी20 क्रिकेट के इतिहास के सबसे लंबे छक्कों में से एक है। इस सिक्स का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
शक्केरे पैरिस ने यह सिक्स पारी के तीसरे ओवर में गुडाकेश मोती की गेंद पर लगाया। मोती ने गेंद पैरिस के स्लॉट में दी और इस कैरेबियन बल्लेबाज ने अपनी ताकत का पूरा इस्तेमाल करते हुए गेंद को मिड विकेट और लॉन्ग ऑन के बीच से सीमारेखा के बाहर पहुंचाया। गेंद स्टेडियम के बाहर नहीं गई।
शक्केरे पैरिस ने अपने इस छक्के से सुर्खियां जरूर बटोरी, वह मुकाबले में अपनी टीम के लिए बड़ी पारी नहीं खेल पाए। 149 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए उन्होंने 29 गेंदों पर 2 चौकों और इतने ही गगनचुंबी छक्कों से 29 रनों की पारी खेली।
बात मुकाबले की करें तो, ट्रिनबागो नाइट राइडर्स और गुयाना अमेजन वॉरियर्स के बीच सीपीएल 2024 का 19वां मुकाबला खेला गया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी गुयाना की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 148 रन बोर्ड पर लगाए।
इस स्कोर को टीकेआर की टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट शेष रहते हासिल किया। आंद्रे रसेल ने 15 गेंदों पर 240 के स्ट्राइक रेट के साथ नाबाद 35 रन बनाए, टिम डेविड ने 31 रनों की पारी खेली।