मार्करम का अर्धशतक, दक्षिण अफ्रीका ने सात विकेट से जीता आखिरी वनडे
दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में जीत दर्ज कर ली है। सीरीज के पहले दोनों मैचों को जीतकर अफगानिस्तान पहले ही इसे अपने नाम कर चुकी थी।

शारजाह क्रिकेट स्टेडियम पर पहले खेलते हुए अफगानिस्तान टीम 169 रनों पर ढेर हो गई। एडेन मार्करम की अर्धशतकीय पारी से दक्षिण अफ्रीका ने 34 ओवर में ही मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। अफगानिस्तान के लिए इस मैच में राशिद खान के साथ ही गुलब्दिन नाइब नहीं खेल रहे थे।
अफगानिस्तान के लिए रहमनतुल्लाह गुरबाज को छोड़कर सभी बल्लेबाज फेल रहे। उन्होंने 94 गेंदों पर 89 रनों की पारी खेली। इस पारी में 7 चौके और 4 छक्के थे। गुरबाज 7वें विकेट के रूप में 132 के स्कोर पर आउट हुए। टीम के लिए सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दहाई तक पहुंच पाए।
कप्तान शहीदी ने 17 गेंदों पर 10 रन बनाए। निचले क्रम में अल्लाह गजनफर ने 15 गेंदों पर 31 रनों की तेज पारी खेली। गेंदबाजी की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी एंगिडी के साथ ही काबा पीटर और एंडिले फेहलुकवायो ने 2-2 विकेट झटके।
दक्षिण अफ्रीका को टोनी डे जोर्जी और कप्तान टेम्बा बावुमा ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े। बवुमा 22 रन बनाकर गजनफर का शिकार बने। जोर्जी के बल्ले से भी 26 रनों की ही पारी निकली। तीसरे नंबर पर उतरे रीजा हेंड्रिक्स ने 18 रनों की पारी खेली।
80 रनों पर तीन विकेट जाने के बाद एडेन मार्करम ने मोर्चा संभाला। ट्रिस्टन स्टब्स ने उसका साथ दिया। दोनों ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। 67 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्कों से मार्करम 69 रन बनाकर नाबाद रहे। स्टब्स ने 26 रन बनाए।