Trending

श्रीलंका ने पहले टेस्ट में कीवियों को 63 रन से हराया, कामिंदु मेंडिस ने जड़ा शतक

पहले टेस्ट में श्रीलंका टीम ने न्यूजीलैंड टीम को 63 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में बढ़त हासिल की।  गॉल में हुए टेस्ट में 275 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड टीम अपनी दूसरी पारी में 211 रन पर ढेर हो गई।

@Associated Press

मेहमान टीम से रचिन रविंद्र ने दूसरी पारी में सर्वाधिक 92 रन बनाए, अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में कामिंदु मेंडिस के शतक (114) से 305 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड टीम ने 340 रन बनाते हुए बढ़त हासिल की। मेहमान टीम से टॉम लैथम ने सर्वाधिक 70 रन बनाए।

जवाब में श्रीलंकाई टीम ने दूसरी पारी में 309 रन बनाए और जीत के लिए 275 रन का लक्ष्य दिया। रचिन रविंद्र की पारी (92) के बावजूद चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को कीवी टीम हासिल नहीं कर सकी। श्रीलंका ने जब 88 के स्कोर पर दिनेश चांदीमल के रूप में तीसरा विकेट खोया, तब मेंडिस क्रीज पर आए।

उन्होंने एक छोर से लगातार गिर रहे विकेटों के बीच एंजेलो मैथ्यूज के साथ मिलकर 72 रन जोड़े। क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने अच्छी रन गति से बल्लेबाजी की और पहले दिन के तीसरे सत्र के दौरान पारी को शतक में बदला। वह 173 गेंदों पर 114 रन बनाकर आउट हुए।

विलियम ओरूर्के ने श्रीलंका की पहली पारी में 18.5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 55 रन देते हुए ये 5 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने 5 ओवर मेडन भी किए। यह ओरूर्के के युवा टेस्ट करियर का सिर्फ दूसरा और श्रीलंका के खिलाफ पहला 5 विकेट हॉल है।

श्रीलंका की दूसरी पारी में उन्होंने 18 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 49 रन देते हुए 3 सफलताएं मिली। केन विलियमसन ने 55 और 30 रन के स्कोर किए। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में रॉस टेलर को पीछे छोड़ा है।

विलियमसन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 359 मैचों की 525 पारियों में 48.18 की औसत से 18,213 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 45 शतक और 98 अर्धशतक लगाए हैं। टेलर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 450 मैचों में 42.72 की औसत से 18,199 रन बनाए थे।

एजाज पटेल ने श्रीलंका की दूसरी पारी में 6 विकेट झटके। यह उनके टेस्ट करियर का कुल पांचवां और श्रीलंकाई टीम के विरुद्ध दूसरा 5 विकेट हॉल रहा।

उन्होंने दिमुथ करुणारत्ने (83) को बोल्ड करते हुए अपना पहला विकेट लिया। बाएं हाथ के स्पिनर ने एंजेलो मैथ्यूज (50), धनंजय डी सिल्वा (40), कुसल मेंडिस (23), रमेश मेंडिस (1) और लाहिरू कुमारा (0) के विकेट झटके थे।

बता दें कि उन्होंने पहली पारी के दौरान 2 विकेट लिए थे। न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 51 रन के स्कोर पर जब अपना दूसरा विकेट खोया था, तब रचिन रविंद्र क्रीज पर आए।

उन्होंने टॉम ब्लंडेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की। कीवी टीम ने एक छोर से लगातार विकेट गंवाए, दूसरे छोर से रविंद्र ने निरंतर रन बटोरे। वह मैच के पांचवें दिन के पहले सत्र के दौरान आउट हुए। उन्होंने 168 गेंदों पर 92 रन बनाए।