Trending

जर्मनी के खिलाफ दो मैचों की सीरीज खेलेगा भारत

भारतीय हॉकी के फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। भारत जल्द अपने घर पर इंटरनेशनल मैच खेलती नजर आएगी। इसकी घोषणा हॉकी इंडिया ने की है। अगले महीने जर्मनी की टीम भारत में दो मैचों की सीरीज खेलने के लिए आने वाली है।

@TheHockeyIndia

23 और 24 अक्टूबर को नई दिल्ली में दो मैच होंगे। जर्मनी की हॉकी टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों से एक है। जर्मनी ने पेरिस ओलंपिक के सेमीफाइनल में भारत को 3-2 से हराया था और भारत का गोल्ड मेडल जीतने का सपना टूट गया था।

हॉकी इंडिया ने एक्स हैंडल पर लिखा, “पेरिस 2024 ओलंपिक में दिल दहला देने वाले मुकाबले के बाद हॉकी की दो शक्तिशाली टीमें – भारत और जर्मनी – एक बार फिर आमने-सामने होने के लिए तैयार हैं!

इस बार मुकाबला भारत के घरेलू मैदान पर है, जो 23-24 अक्टूबर 2024 को नई दिल्ली के प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में दो मैचों की रोमांचक सीरीज होगी।

दांव ऊंचे हैं, प्रतिद्वंद्विता और भी तीखी है और घरेलू दर्शक तैयार हैं। क्या भारत अपने ओलंपिक दिल टूटने का बदला ले सकता है या जर्मनी फिर से सर्वोच्च स्थान पर रहेगा? एक्शन को मिस न करें!”

हॉकी के इतिहास को देखें तो भारत और जर्मनी के बीच हमेशा से दिलचस्प लड़ाई देखी गई है। इसकी शुरुआत मेजर ध्यान चंद के दौर में शुरू हुई थी, जब उनको जर्मनी के तानाशाह एडोल्फ हिटलर ने जर्मनी की नागरिकता देने के पेशकश की थी।

ध्यान चंद उस दौर में दुनिया के सबसे अच्छे हॉकी प्लेयर थे। यहां तक कि पिछले कई मैच उठाकर देखें जाएं तो भारत और जर्मनी की टीम के बीच मुकाबले दिलचस्प रहे हैं। भारतीय टीम भी इस समय अच्छी स्थिति में है, क्योंकि पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद टीम एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने में सफल हुई है।