तीसरे वनडे में इंग्लैंड ने रोका ऑस्ट्रेलिया का विजय रथ
वर्ल्ड कप 2023 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टीम लगातार वनडे इंटरनेशनल मैचों में जीत दर्ज करती चली आ रही थी, अब ये सिलसिला टूट गया है। लगातार 14 वनडे इंटरनेशनल मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते, इंग्लैंड ने पांच मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में जीत दर्ज करके ऑस्ट्रेलिया के विजय रथ को रोक दिया है।

इंग्लैंड को लगातार सात मैचों में ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी, हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली टीम ने हार के सिलसिले को तोड़ा और खुद को इस वनडे सीरीज में जिंदा रखा है, क्योंकि तीन मैचों के बाद सीरीज की स्कोरलाइन 2-1 है।
ऑस्ट्रेलिया को इस मैच से पहले वर्ल्ड कप 2023 में हार मिली थी, जब दक्षिण अफ्रीका ने कंगारू टीम को हराया था। टीम लगातार 14 मुकाबले वनडे क्रिकेट जीत चुकी थी। इसमें वनडे वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल भी था।
ऑस्ट्रेलिया अब लगातार सबसे ज्यादा वनडे इंटरनेशनल मैच जीतने के मामले में पहले और दूसरे स्थान पर विराजमान है, क्योंकि जनवरी 2003 से मई 2003 तक टीम 21 वनडे मैच लगातार जीती थी और अब अक्टूबर 2023 से सितंबर 2024 तक टीम लगातार 14 मैच जीती है। 13 मैच श्रीलंका ने जनवरी 2023 से अक्टूबर 2023 तक जीते।

इस मुकाबले में इंग्लैंड के लिए कप्तान हैरी ब्रूक ने शतक जड़ा, जो उनको वनडे इंटरनेशनल करियर का पहला शतक था। मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हुआ और डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर इंग्लैंड को 46 रनों से जीत मिली।
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी और ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 304 रन बनाए थे, जिसमें एलेक्स कैरी के 77 रन, स्टीव स्मिथ के 60 और एरोन हार्डी के 44 रन थे।
इंग्लैंड ने 37.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 254 रन बना, जिसमें हैरी ब्रूक के 110 रन और विल जैक्स के 84 रन थे। मैच बारिश की वजह से आगे नहीं बढ़ा तो नतीजा डीएलएस से निकला।