पहले से ज्यादा फिट, रिटायरमेंट की जरुरत नहीं : आंद्रे रसेल
वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल फिलहाल के लिए खुद को रिटायर नहीं समझ रहे हैं। हालांकि, कई रिपोर्ट्स में दावा था कि वे टी20 वर्ल्ड कप के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेलेंगे, आंद्रे रसेल ने 2026 का टी20 वर्ल्ड कप खेलने की इच्छा जाहिर की है।

उन्होंने कहा है कि उनको लगता है कि वे पहले से ज्यादा फिट हैं और इस समय रिटायरमेंट की कोई जरूरत नहीं है। आंद्रे रसेल ने ये भी कहा है कि वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी से बातचीत के बाद वे अगले टी20 वर्ल्ड कप को खेलने के लिए उत्सुक हैं।
आंद्रे रसेल 2012 और 2016 में टी20 विश्व कप जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा थे, 2024 में भी वे टीम के लिए खेले। वे इस समय 36 साल के हैं और सीपीएल 2024 में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे हैं।
हालांकि, उन्होंने इस सीजन 5 मैचों में केवल 56 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 207.40 है। गेंदबाज के तौर पर एक विकेट ही उनको मिला है, फिर भी वह खुद को टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में देखना चाहते हैं। वेस्टइंडीज की टीम श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज की तैयारी कर रही है।
आंद्रे रसेल ने जमैका ग्लीनर से बात करते हुए कहा, “मैं निश्चित रूप से 2026 का विश्व कप खेलना चाहता हूं, क्योंकि वहां बहुत सारी प्रतिभाएं हैं, जो अच्छा खेल सकती हैं।
मैं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल से दूर जा सकता था, मैं सिर्फ युवाओं को ऑलराउंडर के रूप में अच्छा प्रदर्शन करते देखना चाहता हूं। मैं अभी भी जहां चाहूं गेंद मार सकता हूं, अभी भी अच्छी गति से गेंदबाजी कर सकता हूं, अभी भी फिट हूं, अच्छी फील्डिंग कर सकता हूं। मुझे नहीं लगता कि मुझे क्यों रुकना चाहिए।
उन्होंने आगे कोच सैमी से बातचीत को लेकर बताया, “मैंने सैमी से बात की है और उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना जारी रखूं।
मुझे लगता है कि चारों ओर देखने और खासकर कैरेबियाई प्रतिभाओं को देखने के बाद मुझे अगले दो साल अपने शरीर और खुद को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित करना चाहिए। 13 अक्टूबर से श्रीलंका और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज होनी है। इसमें रसेल खेल सकते हैं।