अब बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के नाम जानी जाएगी नेशनल क्रिकेट एकेडमी
बीसीसीआई नए उत्कृष्टता केंद्र के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि यहां आधुनिक सुविधाएं खिलाड़ियों को खुद को बेहतर बनाने और शीर्ष स्तर की फिटनेस बनाए रखने में मदद मिलेगी, जिससे भारत को तीनों फॉर्मेट में अपना दबदबा बनाए रखने में मदद मिलेगी।

ये एकेडमी 2000 से बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम परिसर में चल रही थी। एनसीए को बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (बीसीई) कर दिया गया है और इसे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के करीब ले जाया गया। जय शाह ने शनिवार को आयोजित समारोह में अन्य गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में इसका उद्घाटन किया।
2021 में एनसीए प्रमुख का पदभार संभालने वाले लक्ष्मण ने चुनिंदा मीडिया से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उत्कृष्टता केंद्र के लाभार्थी केवल क्रिकेटरों की भावी पीढ़ी ही नहीं बल्कि क्रिकेटरों की मौजूदा पीढ़ी भी होगी। वे खुद को निखारने, चुनौतियों और विभिन्न सीरीज के लिए तैयार होने के लिए आते हैं।
उन्होंने इस धारणा को दूर किया कि यह केंद्र क्रिकेटरों के लिए केवल रिहैबिलिटेशन का केंद्र है। उन्होंने कहा, ‘‘यह एक गलत धारणा है कि क्रिकेटर केवल रिहैबिलिटेशन के लिए यहां आते हैं।
मुझे भरोसा है कि इस सुविधा में आने वाले सभी खिलाड़ी इस कार्यक्रम का हिस्सा होंगे और उत्कृष्टता हासिल करने का प्रयास करेंगे। वे सर्वश्रेष्ठ बनने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘इस प्रक्रिया में भारतीय टीम शायद सभी प्रारूपों में दुनिया में सर्वश्रेष्ठ टीम होगी। बीसीसीआई और इस केंद्र में हमारे द्वारा चलाए जाने वाले सभी कार्यक्रमों का पूरा उद्देश्य यही है।