चाइना ओपन : अल्काराज ने जीता खिताब, यानिक सिनेर को हराया
स्पेनिश टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज बुधवार को चाइना ओपन के नए चैंपियन बन गए। दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी अल्काराज ने फाइनल में गत चैंपियन और शीर्ष वरीय यानिक सिनेर को पिछड़ने के बाद 6-7, 6-4, 7-6 से हराया।

मौजूदा दौर के दो कड़े प्रतिद्वंद्वियों के बीच यह मुकाबला तीन घंटे 21 मिनट तक चला। यह अल्काराज की सिनेर पर इस सत्र में तीन मुकाबलों में तीसरी, दस मैचों में कुल छठी जीत है। इसके साथ ही सिनेर का 14 मैचों से चला आ रहा विजय रथ भी थम गया।
पिछले साल अल्काराज को सेमीफाइनल में सिनेर से हार मिली थी। इस जीत के साथ उन्होंने उस हार का हिसाब भी बराबर कर लिया।
इस हार के साथ सिनेर का पिछले नौ साल में यहां खिताब का बचाव करने वाला पहला खिलाड़ी बनने का सपना भी अधूरा रह गया। अल्काराज ने अपने खिताबी सफर में सिर्फ एक सेट फाइनल में गंवाया।
-1 सेट स्पेनिश स्टार कार्लोस ने अपने खिताबी सफर में गंवाया
-4 टूर लेवल खिताब अल्काराज इस सत्र में अब तक जीत चुके हैं