Trending

लीजेंड्स लीग में मार्टिन गप्टिल ने जड़े 11 छक्के

न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल ने बुधवार (2 अक्टूबर) की रात भारत में जारी लीजेंड्स लीग में गर्दा उड़ाया। उन्होंने इरफान पठान की अगुवाई वाली टीम के गेंदबाजों की ऐसी सुताई की कि पूरी टीम इसे लंबे समय तक याद रखेगी।

साभार : गूगल

गप्टिल ने अपनी इस पारी में 54 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौकों और 11 गगनचुंबी छक्को से 131 रनों की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 242.59 का था। उन्होंने अपनी इस पारी में एक ओवर में 5 छक्के और 1 चौके के साथ कुल 34 रन भी बटोरे। गप्टिल ने अपना शतक 48 गेंदों में पूरा किया।

लीजेंड्स लीग का 12वां मुकाबला कोणार्क सूर्यास ओडिशा और सदर्न सुपरस्टार्स के बीच खेला गया। इरफान पठान की कोणार्क सूर्यास ओडिशा ने इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 192 रन बोर्ड पर लगाए थे। टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में सलामी बल्लेबाज रिचर्ड लेवी का अहम रोल रहा जिन्होंने 300 के स्ट्राइक रेट से 21 गेंदों पर 63 रनों की धुआंधार पारी खेली।

@llct20

इस स्कोर को मार्टिन गप्टिल की तूफानी पारी ने सदर्न सुपरस्टार्स के लिए काफी छोटा बना दिया था। टीम ने यह टारगेट महज 16 ओवर में 2 विकेट खोकर चेज किया। मार्टिन गप्टिल ने अपनी इस पारी के दौरान लगातार दो बार गेंद को स्टेडियम से बाहर पहुंचाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

गप्टिल के इस ताबड़तोड़ प्रदर्शन के दम पर सदर्न सुपरस्टार्स ने एलएलसी 2024 में जीत का पंजा खोला। टीम अब तक टूर्नामेंट में कोई मैच नहीं हारी है और टीम लगातार 5 जीत के साथ पॉइंट्स टेबल के टॉप पर बनी हुई है।