तेज बुखार के चलते हरफनमौला शार्दुल ठाकुर हॉस्पिटल में एडमिट
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मुंबई और शेष भारत के बीच ईरानी कप का मुकाबला जारी है। इस मैच में मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान ने दोहरा शतक जड़ महफिल लूटी और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

मगर इस दौरान मुंबई की मुश्किलें तब बढ़ी जब तेज बुखार के चलते टीम के हरफनमौला शार्दुल ठाकुर को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शार्दुल ठाकुर के मलेरिया और डेंगू के टेस्ट हो गए हैं जिनकी रिपोर्ट आना बाकी है। शार्दुल ठाकुर को मैच के पहले दिन से ही हल्का बुखार था।
बताया जा रहा है कि दूसरे दिन सरफराज खान के साथ उन्होंने दूसरे दिन दो घंटे बल्लेबाजी की और 9वें विकेट के लिए 73 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस दौरान उनका बुखार बढ़ गया और मैच के बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूत्र ने एक अंग्रेजी अखबार को बताया, “वह पूरे दिन अच्छा महसूस नहीं कर रहे थे और उन्हें तेज बुखार था, यही मुख्य कारण था कि वह देर से बल्लेबाजी करने आए।
वह कमजोर महसूस कर रहे थे और दवा लेने के बाद वह ड्रेसिंग रूम में सो गए। वह कमजोर महसूस करने के बावजूद बल्लेबाजी करना चाहते थे। हमने मलेरिया और डेंगू के लिए उनका ब्लड टेस्ट करवाया है। हम नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। तब तक, वह अस्पताल में रात बिताएंगे।
बुखार और थकान के बावजूद, उन्होंने 59 गेंदों का सामना किया और एक छक्का और चार चौकों से 36 रन बनाए। उन्होंने मुख्य रूप से टिके रहने की कोशिश की और कोई भी शॉट जल्दबाजी में नहीं खेला।
इसी साल जून में हुई पैर की सर्जरी से उबरने के बाद यह उनका पहला घरेलू मैच था। पिछले सीजन में रणजी ट्रॉफी के दौरान उन्हें चोट लगी थी, उन्होंने दर्द के बावजूद खेला और अपनी टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस साल की शुरुआत में भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान चोट फिर से उभर आई।