Trending

लेवांडोव्स्की की हैट्रिक, बार्सिलोना शीर्ष पर

रॉबर्ट लेवांडोव्स्की ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को यहां खेले गए मैच में 25 मिनट के अंतराल में हैट्रिक बनाई, जिससे बार्सिलोना अलावेस को 3-0 से हराकर स्पेनिश लीग फुटबॉल टूर्नामेंट ला लिगा में अंतरराष्ट्रीय ब्रेक से पहले शीर्ष पर पहुंच गया।

@FCBarcelona

लेवांडोव्स्की ने सातवें, 22वें और 32वें मिनट में गोल करके लीग में नौ मैचों में अपने गोल की संख्या 10 पर पहुंचा दी। वह वर्तमान सत्र में सभी प्रतियोगिताओं में 11 मैच में 12 गोल कर चुके हैं। उन्होंने अपने पिछले पांच मैचों में आठ गोल किए हैं।

पोलैंड के स्ट्राइकर ने मंगलवार को चैंपियंस लीग में बार्सिलोना की यंग बॉयज़ पर 5-0 से जीत में भी दो गोल किए थे। इस जीत से बार्सिलोना दूसरे स्थान पर काबिज रियाल मैड्रिड से तीन अंक आगे हो गया है। रियाल मैड्रिड शनिवार को चौथे स्थान पर मौजूद विलारियाल को 2-0 से हराकर बार्सिलोना की बराबरी पर आ गया था।

इस बीच एटलेटिको मैड्रिड रियाल सोसिदाद से 1-1 से ड्रा खेलकर तीसरे स्थान पर आ गया। अन्य मैचों में डोडी ल्यूकबाकियो ने 50वें मिनट में पेनल्टी किक को गोल में बदलकर सेविला को रियाल बेटिस पर 1-0 से जीत दिलाई, गिरोना ने एथलेटिक बिलबाओ को 2-1 से हराया।