आयरलैंड ने जीता तीसरा वनडे, दक्षिण अफ्रीका ने जीती सीरीज
दक्षिण अफ्रीका टीम को तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में आयरलैंड से हार मिली। वनडे इंटरनेशनल के इतिहास में ऐसा दूसरी बार है, जब आयरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराया है।

इस तीन मैचों की सीरीज को दक्षिण अफ्रीका ने जीता है, क्योंकि सीरीज के पहले दो मुकाबले दक्षिण अफ्रीका ने जीते थे। इस मैच में आयरलैंड ने 69 रनों के अंतर से जीत हासिल की।
285 रनों का लक्ष्य आयरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका के सामने रखा था, दक्षिण अफ्रीकी टीम 215 रन बनाकर ढेर हो गई। इससे पहले खेली गई दो मैचों की टी20 सीरीज को 1-1 से आयरलैंड ने बराबर कराया था।
मैच की बात करें, आयरलैंड टीम के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। कप्तान का ये फैसला सही साबित हुआ था, क्योंकि पहले विकेट के लिए 100 रनों से ज्यादा की साझेदारी हुई। कप्तान पॉल स्टर्लिंग 88 रन बनाकर आउट हुए, 60 रन हैरी टेक्टर ने बनाए।
45 रन एंड्रयू बालबर्नी ने बनाए। 34 रनों की पारी कर्टिस कैंपर ने खेली और 26 रन लोरन टकर ने बनाए। इस तरह टॉप 5 बल्लेबाजों के बल्ले से रन निकले, बाकी के बल्लेबाज ज्यादा कुछ कमाल नहीं दिखा सके। आयरलैंड ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 284 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका के लिए 4 विकेट लिजाड विलियम्स को मिले, 2-2 विकेट ओटनील बार्टमैन और एंडिल फेहलुकवायो को मिले। जब दक्षिण अफ्रीका की टीम 285 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो टीम को शुरुआत अच्छी नहीं मिली। पहले तीन विकेट 10 रन पर गिर गए थे।
इसके बाद चौथा विकेट 59 के कुल स्कोर पर गिरा। मध्य क्रम ने टीम को संभालने की कोशिश की, लगातार अंतराल पर विकेट गिरते चले गए और टीम 215 रन बनाकर ढेर हो गई।
दक्षिण अफ्रीका के लिए 91 रन जेसन स्मिथ ने बनाए, अन्य कोई बल्लेबाज अर्धशतक भी नहीं जड़ सका। आयरलैंड के लिए क्रेग यंग और ग्राहम ह्यूम ने 3-3 विकेट निकाले। 2 सफलता मार्क एडेयर को मिलीं।