दूसरा टी-20 कल, बांग्लादेश के खिलाफ जीत पर टीम इंडिया की निगाह
पहले मैच में जीत से उत्साहित टीम इंडिया बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टी20 में जीत के लिए मैदान पर उतरेगी। बुधवार को बांग्लादेश श्रृंखला को जीवंत बनाए रखने की कोशिश करेगी, टीम इंडिया ने पहले मैच में जिस तरह का प्रदर्शन किया था उसे देखते हुए मेहमान टीम के लिए यह आसान काम नहीं होगा।

भारत ने ग्वालियर में पहले मैच में जिस तरह से शुरू से लेकर अंत तक अपना दबदबा बनाए रखा उससे सीमित ओवरों की क्रिकेट में उसकी मजबूत ‘बेंच स्ट्रेंथ’ का पता चलता है।
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन अपनी चमक बिखेरने के लिए बेताब होंगे। सैमसन मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हैं, पहले मैच में उन्होंने पारी का आगाज किया था तथा 19 गेंद पर 29 रन बनाए थे।
कप्तान सूर्यकुमार पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सैमसन आगे भी यह भूमिका निभाते रहेंगे। सैमसन और उनके साथ पारी की शुरुआत करने वाले अभिषेक शर्मा पिछले मैच में अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए थे।
यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल को विश्राम मिलने की वजह से सैमसन और अभिषेक को यह मौका मिला है जिसका वह पूरा फायदा उठाना चाहेंगे। अपना पहला मैच खेल रहे तेज गेंदबाज मयंक यादव और ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी ने ग्वालियर में अपना प्रभाव छोड़ा था।
अर्शदीप सिंह ने तेज गेंदबाजी में अगुवाई की भूमिका अच्छी तरह से निभाई थी, स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने तीन साल के बाद सफल वापसी की थी। टीम में वॉशिंगटन सुंदर हैं जो रविंद्र जडेजा के टी20 से संन्यास लेने के बाद इस प्रारूप में ऑलराउंडर की जगह पर अपना दावा मजबूत करने की कोशिश करेंगे।
पहले मैच में उसके बल्लेबाजों ने टीम को खासा निराश किया। बांग्लादेश कप्तान नजमुल हुसैन शंटो ने मैच के बाद स्वीकार किया था कि उनके बल्लेबाज नहीं जानते कि 180 रन से अधिक का स्कोर कैसे बनाना है। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी टीम ने बहुत खराब प्रदर्शन नहीं किया और वह वापसी करने में सक्षम है।
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, रियान पराग, नितीश कुमार रेड्डी, तिलक वर्मा, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह , हर्षित राणा, मयंक यादव
बांग्लादेश: नजमुल हुसैन शंटो (कप्तान), तंजीद हसन तमीम, परवेज हुसैन इमोन, तौहीद हृदोय, महमूद उल्लाह, लिट्टन दास, जाकर अली अनिक, मेहदी हसन मिराज, महेदी हसन, रिशाद हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, शोरिफुल इस्लाम , तंजीम हसन साकिब, रकीबुल हसन